मेरठ में नितिन नवीन ने दबा दी अखिलेश यादव की दुखती रग, जिन्होंने नल चुराए वो…

मेरठ: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की बिसात बिछनी शुरू हो गई है. इसी सिलसिले में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मेरठ पहुंचे, जहां उन्होंने पार्टी के शक्ति केंद्र सम्मेलन को संबोधित किया. मेरठ की इस ऐतिहासिक और क्रांति की धरती से उन्होंने सीधे कार्यकर्ताओं से संवाद किया और विपक्ष पर तीखे हमले बोले. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश को गुंडाराज और परिवारवाद के दौर से निकालकर आज ‘उत्तम प्रदेश’ बनाने का काम अगर किसी ने किया है, तो वह बीजेपी के मेहनती कार्यकर्ता और योगी सरकार की नीतियां हैं.

‘पहले भय का माहौल था, आज कानून का राज’
सम्मेलन को संबोधित करते हुए बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि एक दौर था जब यूपी में भय, डर और अराजकता का माहौल हुआ करता था. विकास पूरी तरह ठप पड़ा था. लेकिन आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पूरे प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है. उन्होंने कहा, ‘पहले जिस इलाके की पहचान माफियाओं के नाम से हुआ करती थी, आज उसी इलाके की पहचान ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ (ODOP) से हो रही है. यह बड़ा बदलाव बीजेपी सरकार में आया है.’

विपक्ष पर ‘बांटो और शाषण करो’ की नीति अपनाने का आरोप
कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि अंग्रेजों के जाने के बाद ‘बांटो और राज करो’ की नीति को पहले कांग्रेस ने अपनाया और फिर सपा ने उसी राह को आगे बढ़ाया. उन्होंने आरोप लगाया कि इन दलों ने कभी आम जनता या किसानों का सम्मान नहीं किया. किसान नेता चौधरी चरण सिंह जी को याद करते हुए उन्होंने कहा कि चौधरी साहब को सच्चा सम्मान और ‘भारत रत्न’ देने का काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में हुआ.

उन्होंने आगे कहा, ‘विपक्ष को सिर्फ अपने परिवार की चिंता रहती है. उनके लिए महिला सम्मान का मतलब सिर्फ अपने घर की महिलाएं हैं. जबकि मोदी सरकार ने देश में 12 करोड़ से ज्यादा शौचालय बनवाकर हर मां-बहन को असली सम्मान दिया है.’

अखिलेश यादव को निशाने पर लेते हुए नितिन नवीन ने कहा- ‘कुछ लोग तो नल की भी चुरा लेते थे. आज वो फिर से कहते हैं कि हम इस राज्य में सरकार बना लेंगे. युवाओं के भविष्य को सुंदर करेंगे. जिन्होंने केवल अपने परिवार का भविष्य देखा हो वो उत्तर प्रदेश के युवाओं का भविष्य की चिंता कभी कर ही नहीं सकते. याद करा दें कि अखिलेश यादव ने जब लखनऊ का सीएम आवास खाली किया था तब उनपर कथित तौर पर वहां के नल चुराने के आरोप लगाए गए थे. अपने ऊपर लगे नल चोरी के आरोप पर अखिलेश यादव बेहद आहत होने की बात कही थी. साथ ही इस तरह की बात सामने आने पर वह सार्वजनिक मंचों पर भी नाराज होते रहे हैं.

‘2027 में विकास का रथ रुकने नहीं देना है’
बीजेपी अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को संगठन की सबसे बड़ी ताकत बताया. उन्होंने कहा कि शक्ति केंद्र के कार्यकर्ता जिला, मंडल और बूथ के बीच की वो मजबूत कड़ी हैं, जो सरकार की योजनाओं और संदेश को जमीन तक पहुंचाते हैं. उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि 2027 के चुनाव में फिर से बीजेपी की प्रचंड बहुमत वाली सरकार बनानी है.