Yash Maheshwari Controversy: बिहार की महिलाओं और छठ पूजा की परंपराओं को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करना स्टैंडअप कॉमेडियन यश माहेश्वरी को भारी पड़ गया है. छठ के दौरान शादीशुदा महिलाओं के सिंदूर लगाने की परंपरा पर किए गए भद्दे मजाक के बाद सोशल मीडिया पर उसकी जमकर आलोचना हो रही है. विवाद बढ़ने पर यश ने वीडियो जारी कर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है. हालांकि, माफी के बावजूद कई लोग उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.

यश माहेश्वरी एक स्टैंडअप कॉमेडियन है. वह हिंदी में स्टैंडअप कॉमेडी करता है और दिल्लीएनसीआर के कॉमेडी सर्किट में सक्रिय है. मूल रूप से राजस्थान के जयपुर का रहने वाला यश अपने शो के वीडियो सोशल मीडिया और यूट्यूब पर शेयर करता है. उसका यूट्यूब चैनल ‘Almost Yash’ नाम से है. उसने साल 2022 में यूट्यूब पर अपनी शुरुआत की थी.
यश अपने स्टैंडअप शो में रोजमर्रा की जिंदगी, सामाजिक मुद्दों और अलगअलग विषयों पर मजाकिया अंदाज में अपनी बात रखता है. उसके कॉमेडी कंटेंट में डार्क और एडल्ट ह्यूमर भी देखने को मिलता है. उसके यूट्यूब चैनल पर स्टैंडअप के कई वीडियो मौजूद हैं. चैनल पर करीब 29 हजार सब्सक्राइबर हैं. वहीं, उसका इंस्टाग्राम अकाउंट @almostyash नाम से है, जिस पर विवाद से पहले करीब 12.5 हजार फॉलोअर्स बताए गए थे.
किस वीडियो से शुरू हुआ विवाद?
यश माहेश्वरी का विवाद नवंबर 2026 में उसके एक स्टैंडअप शो की क्लिप सामने आने के बाद शुरू हुआ. उसने ‘Morally Questionable’ टाइटल से यह वीडियो अपने यूट्यूब चैनल पर अपलोड किया था. इसमें उसने छठ पूजा के दौरान बिहार की विवाहित महिलाओं के नाक से माथे तक लंबा सिंदूर लगाने की परंपरा पर भद्दा मजाक किया.
उसने सिंदूर की लंबाई की तुलना पुरुषों के प्राइवेट पार्ट से कर दी. उसकी इस टिप्पणी को बिहार की महिलाओं और छठ की परंपरा का अपमान बताते हुए सोशल मीडिया पर लोगों ने नाराजगी जताई. देखते ही देखते वीडियो चर्चा में आ गया और उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग होने लगी.
वीडियो जारी कर मांगी माफी
विवाद बढ़ने के बाद यश ने एक वीडियो जारी कर अपनी टिप्पणी के लिए माफी मांगी. उसने कहा कि उसने बिहार की कुछ सांस्कृतिक चीजों के बारे में वीडियो बनाया था, लेकिन उसे लगता है कि इस तरह की टिप्पणी नहीं करनी चाहिए थी. उसने अपनी गलती स्वीकार करते हुए इसके लिए माफी मांगी.
कॉमेडियन ने यह भी कहा कि उसका इरादा किसी धार्मिक भावना, त्योहार या किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का नहीं था. उसकी टिप्पणी जिस तरह सामने आई और लोगों को बुरी लगी, उसके लिए उसे अफसोस है.
इस विवाद पर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आईं. बीजेपी नेता ऋतु जायसवाल ने यश माहेश्वरी के खिलाफ बिहार के हर जिले में FIR दर्ज कराने की मांग की. वहीं, कांग्रेस सांसद अभिषेक मनु सिंघवी ने भी उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई. माफी मांगने के बावजूद यश का यह कॉमेडी वीडियो लगातार चर्चा में है.



