Bihar MidDay Meal News: बिहार के भागलपुर जिले से मिड डे मील योजना की एक बेहद लापरवाही भरी और चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई है. सुल्तानगंज के कटहरा पंचायत स्थित प्राइमरी स्कूल आजाद नगर पनसल्ला में शुक्रवार को परोसे गए भोजन में मरी हुई छिपकली की पूंछ मिलने से हड़कंप मच गया. इस जहरीले खाने को खाते ही लगभग 12 मासूम बच्चों की अचानक तबीयत बिगड़ गई.

बच्चों को पेट में तेज दर्द और उल्टी जैसी समस्याएं होने लगीं, जिससे पूरे गांव में अफरातफरी का माहौल बन गया और अभिभावक तुरंत स्कूल की ओर भागे. घटना की जानकारी मिलते ही आक्रोशित ग्रामीण बड़ी संख्या में स्कूल पहुंच गए और बदइंतजामी को लेकर जमकर नाराजगी जताई.
खतरे से बाहर हैं सभी बच्चे
हालात की गंभीरता को भांपते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रतीक राज तुरंत स्कूल पहुंचे और बच्चों के स्वास्थ्य की जानकारी ली. इसके बाद सभी बीमार बच्चों को आननफानन में एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने तत्काल उनका इलाज शुरू किया. गनीमत रही कि समय पर अस्पताल पहुंचने से सभी बच्चों की जान खतरे से बाहर आ गई है.
अस्पताल परिसर में उस वक्त माहौल और तनावपूर्ण हो गया जब गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने भोजन आपूर्ति करने वाली एजेंसी के ट्रांसपोर्टर को घेर लिया. ग्रामीणों ने एजेंसी पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया और सख्त कार्रवाई की मांग की. स्थानीय महिलाओं ने रोष जताते हुए आरोप लगाया कि इस एजेंसी द्वारा पहले भी घटिया भोजन की आपूर्ति की जाती रही है और करीब चार महीने पहले भी इसी तरह की लापरवाही मिलने पर ग्रामीणों ने विरोध स्वरूप भोजन को तालाब में फेंक दिया था.
भोजन परोसने वाली रसोइया ने क्या कहा?
वहीं, ट्रांसपोर्टर और एजेंसी के प्रखंड प्रभारी ने अपनी सफाई में कहा कि भोजन पूरी जांच और पैकिंग के बाद भेजा जाता है, इसलिए छिपकली कहां से आई इसकी उन्हें जानकारी नहीं है. भोजन परोसने वाली रसोइया बबीता देवी ने पूरी घटना का खुलासा करते हुए बताया कि शुक्रवार को मेनू के मुताबिक, एजेंसी की तरफ से आलूचना की सब्जी और चावल आए थे. जब वह बच्चों को चावल परोस रही थीं, तभी कुछ बच्चों ने थाली में मरी हुई छिपकली देखकर शोर मचाया. तब तक कुछ बच्चे उस दूषित भोजन को खा चुके थे, जिन्हें कुछ ही देर में उल्टियां होने लगीं.
रसोइया बबीता देवी ने तुरंत इसकी सूचना प्रभारी हेड मिस्ट्रेस जुलका कुमारी को दी, जिसके बाद बाकी बच्चों ने डर के मारे खाना खाना छोड़ दिया. इस पूरे मामले पर प्रशासनिक स्तर पर कड़ी कार्रवाई के संकेत दिए गए हैं. बीडीओ प्रतीक राज ने बताया कि घटना के समय प्रिंसिपल छुट्टी पर थे, लेकिन मौके पर मौजूद प्रभारी हेड मिस्ट्रेस से विस्तृत जानकारी ले ली गई है.
बीडीओ ने रसोइयों को दिया ये निर्देश
बीडीओ ने स्पष्ट किया कि मामले की गहन जांच कराई जाएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. साथ ही, बीडीओ ने रसोइयों को यह भी निर्देश दिया है कि बच्चों को खाना परोसने से पहले उसकी अच्छी तरह से जांच जरूर कर ली जाए ताकि भविष्य में ऐसी अमानवीय लापरवाही दोबारा न दोहराई जा सके.



