झारखंड की राजधानी रांची में छुआछूत और जातिगत भेदभाव के कारण दलित परिवार को कुएं से पानी पीने से रोका गया. इतना ही नहीं, दलित महिला को जातिसूचक गाली देते हुए घर के बाहर कपड़े सुखाने से भी मना कर दिया गया. आखिर में पड़ोसियों के अत्याचार से त्रस्त पीड़ित दलित महिला मंजू चौधरी ने रांची के जगन्नाथपुर थाने में अपने पड़ोसी अमरेंद्र कुमार, उनकी पत्नी रेमी देवी, उनके दो पुत्र आदित्य और अमन उर्फ अंशु के अलावा उपेंद्र यादव के खिलाफ FIR दर्ज कराई है.

जगन्नाथपुर थाने में पांचों लोगों के विरुद्ध FIR दर्ज करने के साथ ही पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है. पीड़ित दलित महिला मंजू चौधरी ने जगन्नाथपुर थाने में दिए गए आवेदन में बताया है कि उनके पड़ोसी अमरेंद्र कुमार, उनकी पत्नी रेमी देवी, उनके दो पुत्र आदित्य और अमन के अलावा उपेंद्र यादव लगातार उन्हें परेशान कर रहे थे. दलित होने के कारण उन्हें कुएं से पानी भरने से रोका जा रहा था. इतना ही नहीं, जातिसूचक गाली देने के साथसाथ उन्हें अपने घर के बाहर कपड़े सुखाने से भी रोका जा रहा था.

महिला का आरोप है कि विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की जा रही थी. आरोपियों की ओर से लगातार मिल रही धमकियों और सुरक्षा को लेकर चिंता के कारण पीड़ित महिला मंजू ने जगन्नाथपुर थाने में आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है. दर्ज FIR के आधार पर जगन्नाथपुर थाने की पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है.

पीड़ित महिला ने अपने आवेदन में यह भी जानकारी दी है कि उनके पड़ोस में रहने वाले अमरेंद्र कुमार और उनका परिवार पिछले लगभग चार महीने से उन्हें परेशान कर रहा था और प्रताड़ित कर रहा था. जुलाई के महीने से ही उन्हें कुएं से पानी भरने से रोका जा रहा था. जातिसूचक शब्दों का उपयोग कर उन्हें सार्वजनिक रूप से अपमानित किया जा रहा था. आरोपियों ने पीड़ित महिला को घर के बाहर कपड़े सुखाने से रोकते हुए यह कहा कि रास्ते से गुजरते वक्त दलित महिला के कपड़ों से सटने के कारण वे लोग अशुद्ध हो जाते हैं.

मंजू चौधरी के द्वारा दिए गए आवेदन में जानकारी दी गई है कि 10 अक्टूबर की दोपहर आरोपियों ने उनके घर पर हमला करते हुए जातिसूचक शब्दों का उपयोग कर मारपीट की. इस दौरान आरोपियों ने उन्हें लगातार जान से मारने की धमकी भी दी. लगातार मिल रही धमकियों और सामाजिक अपमान से त्रस्त होकर उन्होंने जगन्नाथपुर थाने में पांच आरोपियों के विरुद्ध FIR दर्ज कराते हुए न्याय की गुहार लगाई है.

फिलहाल इस पूरे मामले को लेकर जगन्नाथपुर थाने की पुलिस जांच में जुट गई है. सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि, पुलिस की टीम जांच कर रही है. यह बातें सामने आई हैं कि दोनों परिवार पड़ोसी हैं. पूर्व में दोनों परिवार के बीच मित्रता भी रही है, हालांकि कुछ समय से दोनों के बीच सड़क को लेकर विवाद है लेकिन महिला के द्वारा दलित होने के कारण और जातिसूचक शब्दों के प्रयोग के आरोप लगाए गए हैं, उनकी जांच की जा रही है.