दुनिया में महंगी और लग्जरी कारों की कोई कमी नहीं है, लेकिन कुछ गाड़ियां ऐसी होती हैं जिन्हें खरीदने के लिए सिर्फ पैसा होना काफी नहीं होता. लग्जरी कार बनाने वाली कंपनी Bentley ने अपनी पहली इलेक्ट्रिक SUV Torcal का बेहद खास एडिशन पेश किया है. इसे Torcal FRGMT Commission नाम दिया गया है. सबसे दिलचस्प बात यह है कि पूरी दुनिया में इसकी सिर्फ 20 गाड़ियां बनाई जाएंगी. कंपनी ने इस स्पेशल एडिशन को जापान के मशहूर स्ट्रीटवियर डिजाइनर Hiroshi Fujiwara के साथ मिलकर तैयार किया है. खास बात यह भी है कि अभी सामान्य Torcal की पहली डिलीवरी तक शुरू नहीं हुई है और उससे पहले ही इसका लिमिटेड एडिशन सामने आ गया है.

पूरी तरह ब्लैक लुक में नजर आएगी लग्जरी SUV
को कंपनी के कस्टमाइजेशन डिवीजन Mulliner ने तैयार किया है. इस SUV को बेहद खास Beluga Black कलर दिया गया है, जो इसे काफी अलग लुक देता है.
कार की फ्रंट ग्रिल से लेकर बैज तक सब कुछ ब्लैक रखा गया है. इसमें 22 इंच के Vortex अलॉय व्हील्स मिलते हैं, जिनका कलर भी ब्लैक है. इन फोर्ज्ड व्हील्स में कार्बन फाइबर इंसर्ट दिए गए हैं, जो डिजाइन के साथ हवा के दबाव को कम करने में भी मदद करते हैं. Hiroshi Fujiwara ने इस SUV को अपनी अलग पहचान भी दी है. कार के फ्रंट फेंडर्स पर छोटे Bentley FRGMT बैज लगाए गए हैं, जबकि पीछे टेलगेट पर FRGMT का लोगो मिलता है. Fujiwara ने साल 2003 में टोक्यो में FRGMT डिजाइन लेबल की शुरुआत की थी.
केबिन में भी मिलेगा ब्लैक थीम का जलवा
इस खास का इंटीरियर भी इसके बाहरी डिजाइन जितना ही अलग है. केबिन में Imperial Blue और Beluga Black कलर का इस्तेमाल किया गया है.
इसके अलावा क्रॉस स्टिचिंग, पियानो ब्लैक फिनिश और खास डिजाइन वाली डोर सिल प्लेट्स मिलती हैं. दरवाजों के पैनल पर कई छोटे Bentley और FRGMT लोगो दिए गए हैं. कंपनी ने केबिन को ज्यादा चमकदार बनाने के बजाय प्रीमियम और सादगी भरा लुक देने पर ध्यान दिया है. यही वजह है कि इसका इंटीरियर सामान्य Torcal से अलग नजर आता है.
सिर्फ 2.8 सेकंड में पकड़ेगी 100 kmph की रफ्तार
Bentley की 2028 Torcal इलेक्ट्रिक SUV के सभी वर्जन में 113 kWh का बैटरी पैक और 800वोल्ट इलेक्ट्रिकल सिस्टम दिया गया है. इसके स्टैंडर्ड मॉडल में 810 hp की पावर और 1,194 Nm का टॉर्क मिलता है. वहीं, Torcal S में लॉन्च कंट्रोल के दौरान 876 hp की पावर और 1,350 Nm का टॉर्क मिलता है. करीब 2,700 किलोग्राम वजन होने के बावजूद Torcal S महज 2.8 सेकंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है. यह एक्सीलरेशन के मामले में Porsche 911 GT3 RS से भी तेज है.
चार्जिंग की बात करें तो SUV में 400 kW तक की DC फास्ट चार्जिंग मिलती है. कंपनी के मुताबिक, इसकी बैटरी 20 मिनट से भी कम समय में 10 से 80 प्रतिशत तक चार्ज हो सकती है.
कीमत और बिक्री को लेकर अभी सस्पेंस
Bentley ने फिलहाल Torcal FRGMT Commission की कीमत का खुलासा नहीं किया है. कंपनी ने यह भी नहीं बताया कि ये 20 गाड़ियां किन देशों में बेची जाएंगी.इसके अलावा यह स्पेशल एडिशन स्टैंडर्ड Torcal पर आधारित है या ज्यादा पावरफुल Torcal S पर, इसकी भी पुष्टि नहीं हुई है. कंपनी ने यह जानकारी भी नहीं दी है कि सभी 20 गाड़ियों के खरीदार पहले ही तय हो चुके हैं या नहीं.



