तेलंगाना के खम्मम शहर में गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन साल की बच्ची की मौत हो गई. बच्ची अपने मातापिता के साथ बाइक से घर लौट रही थी. इसी दौरान एनटीआर चौराहे पर ट्रैफिक सिग्नल के पास पीछे से आए एक लारी ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. टक्कर लगने से बच्ची मां की गोद से छिटककर सड़क पर गिर गई. तभी लारी उसके ऊपर से गुजर गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. अपनी आंखों के सामने बेटी को खोने के बाद मातापिता का रोरोकर बुरा हाल हो गया.

तेलंगाना के कल्लूर मंडल के एर्राबोइनपल्ली गांव के रहने वाले जेट्टी अशोक और संध्या अपनी तीन साल की बेटी निशिता के साथ बाइक से खम्मम आए थे. परिवार अपना काम पूरा करने के बाद घर लौट रहा था. इसी दौरान खम्मम शहर के एनटीआर चौराहे पर ट्रैफिक सिग्नल लाल होने के कारण उन्होंने बाइक रोक दी.

सिग्नल हरा होने के बाद अशोक ने बाइक आगे बढ़ाई. इसी समय पीछे से आ रहे एक लारी ने उनकी बाइक को बगल से टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि परिवार संभल नहीं पाया और देखते ही देखते यह हादसा एक बड़ी त्रासदी में बदल गया.

मां की गोद से सड़क पर गिरी मासूम

लारी की टक्कर लगने से तीन साल की निशिता अपनी मां संध्या की गोद से छिटककर सड़क पर गिर गई. इसी दौरान लारी बच्ची के ऊपर से गुजर गई. गंभीर चोटें लगने के कारण निशिता ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. कुछ ही पलों में हंसतेखेलते परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं.

जिस बेटी को मातापिता अपने साथ सुरक्षित घर ले जाने के लिए निकले थे, उसकी इस तरह अचानक मौत ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया. हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग भी इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध रह गए.

बेटी की मौत से बेसुध हुए मातापिता

अपनी तीन साल की लाडली को खोने के बाद अशोक और संध्या का रोरोकर बुरा हाल हो गया. बेटी का शव देखकर दोनों खुद को संभाल नहीं पाए. मासूम को गोद में लेकर बिलखते मातापिता को देखकर मौके पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं.

कुछ देर पहले तक जिस बच्ची के साथ मातापिता घर लौट रहे थे, उसकी अचानक मौत ने उनकी दुनिया उजाड़ दी. परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं. इस हादसे की खबर मिलने के बाद बच्ची के गांव में भी शोक का माहौल है.

पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच शुरू

घटना की सूचना मिलने के बाद खम्मम टू टाउन पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस इंस्पेक्टर रामकृष्ण के मुताबिक, हादसे से जुड़े तथ्यों को जुटाकर जांच की जा रही है. पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है.