हिमाचली खबर: फलों का सेवन सेहत के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है। इसलिए डॉक्टर्स रोजाना फल खावने की सलाह देते हैं। फल हमारी डाइट का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जो विटामिन, मिनरल्स और फाइबर से भरपूर होते हैं। लेकिन फलों में मौजूद पोषक तत्वों का भरपूर फायदा उठाने के लिए इसे सही समय पर खाना बेहद जरूरी है। अब सवाल उठता है कि फलों का सेवन करने का सही समय क्या है। यहां हम बताने जा रहे हैं कि किस वक्त फल खाने से सबसे ज्यादा फायदे मिलते हैं।

1. सुबह का समय
फलों का सेवन करने के लिए सुबह का समय खाली पेट सबसे अच्छा माना जाता है। रात भर की नींद के बाद हमारा शरीर ऊर्जा के लिए तैयार रहता है। सुबह के समय मेटाबॉलिज्म तेज होता है, जिससे फल आसानी से पच जाते हैं। इसके अलावा सुबह खाली पेट फलों का सेवन करने से शरीर से विषाक्त पदार्थों को बाहर निकालने में मदद मिलती है। वहीं फलों में मौजूद नेचुरल शर्करा मस्तिष्क और शरीर को तुरंत एनर्जी प्रदान करती है। सुबह उठकर एक गिलास गुनगुना पानी पीने के करीब 30 मिनट बाद फल खाना सबसे फायदेमंद माना जाता है।
2. वर्कआउट से पहले और बाद में
यदि आप वर्कआउट करते हैं, तो फलों का सेवन आपको एनर्जी देने का काम करता है। वर्कआउट से पहले केला या सेब जैसे फल खाने से शरीर को ‘इंस्टेंट फ्यूल’ मिलता है, जो एक्सरसाइज के दौरान स्टेमिना बनाए रखने में मदद करता है। वहीं वर्कआउट के बाद पपीता या तरबूज जैसे फल इलेक्ट्रोलाइट्स की की कमी को दूर करते हैं और मांसपेशियों की रिकवरी में मददगार साबित होते हैं।
3. दो भोजन के बीच का समय
दोपहर के खाने और शाम के नाश्ते के बीच का समय फल खाने के लिए बेहतरीन माना जात है। जब आपको हल्की भूख लगती है, तो फलों का सेवन करें।
फल कब नहीं खाना चाहिए?
भोजन के तुरंत बाद न खाएं
अक्सर लोग लंच या डिनर के बाद ‘डेजर्ट’ के रूप में फल खाते हैं। यह सबसे बड़ी गलती है। जब आप भोजन के साथ फल खाते हैं, तो फल पेट में मौजूद भोजन के कारण ठीक से पच नहीं पाते और पेट में ही सड़ने लगते हैं। इससे एसिडिटी, गैस और पेट फूलने जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
रात को सोने से पहले परहेज करें
सोने से ठीक पहले फल खाने से ब्लड शुगर लेवल बढ़ सकता है, जिससे आपकी नींद खराब हो सकती है। साथ ही, फलों में मौजूद फाइबर रात के समय पाचन तंत्र को सक्रिय रखता है, जबकि रात में शरीर को आराम की जरूरत होती है।
दूध के साथ न लें
आयुर्वेद के अनुसार, खट्टे फलों को कभी भी दूध के साथ नहीं खाना चाहिए। क्योंकि ये पाचन से जुड़ी समस्याओं का कारण बन सकती है।



