कर्नाटक के विजयपुर जिले में पति की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पुलिस के मुताबिक, एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची और वारदात को सड़क हादसा दिखाने की कोशिश की. हालांकि, घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज से पुलिस को अहम सुराग मिले, जिसके बाद मामले का खुलासा हुआ. पुलिस ने इस मामले में मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है.

मृतक की पहचान 42 वर्षीय राजशेखर बिरादर के रूप में हुई है. 4 अक्टूबर को विजयपुर शहर के बाहरी इलाके में चिदंबर मंदिर रोड के पास उसका शव मिला था. शुरुआत में पुलिस को लगा कि किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से उसकी मौत हुई है और आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गया. मृतक की पत्नी अश्विनी बिरादर ने भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी.
CCTV फुटेज से बदली जांच की दिशा
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली. इस दौरान एक काली स्कॉर्पियो गाड़ी दिखाई दी, जिस पर नंबर प्लेट नहीं थी. इसके साथ ही एक दोपहिया वाहन की आवाजाही भी सामने आई. पुलिस ने दोपहिया वाहन सवार से पूछताछ की और जांच आगे बढ़ाई. इसी दौरान पुलिस को शक हुआ कि राजशेखर की मौत सड़क हादसा नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या हो सकती है.
घर की पेंटिंग के दौरान हुई थी प्रेमी से मुलाकात
पुलिस के मुताबिक, राजशेखर और अश्विनी की शादी करीब 10 साल पहले हुई थी. उनके छह साल के जुड़वां बेटे हैं. बताया गया है कि पतिपत्नी के बीच अक्सर पारिवारिक विवाद होते थे. करीब सात महीने पहले राजशेखर ने विजयपुर के एकतानगर इलाके में नया घर बनवाया था. घर में पेंटिंग का काम कराने के लिए उसने 25 वर्षीय आनंद कल्लूर को काम पर रखा था. इसी दौरान आनंद की अश्विनी से पहचान हुई और बाद में दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए.
पुलिस का आरोप है कि अश्विनी अपने पति से छुटकारा पाना चाहती थी. इसी वजह से उसने आनंद के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई. अश्विनी कथित तौर पर आनंद को बताती थी कि उसका पति रोज सुबह किस समय मॉर्निंग वॉक के लिए निकलता है और उसकी दिनचर्या क्या है.
मॉर्निंग वॉक के दौरान कार से टक्कर मारने का आरोप
पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन राजशेखर सुबह टहलने के लिए घर से निकला था. इसी दौरान आनंद अपने साथियों के साथ नंबर प्लेट रहित काली स्कॉर्पियो से उसकी गतिविधियों पर नजर रख रहा था. आरोप है कि वाहन से पीछे से टक्कर मारकर राजशेखर की हत्या कर दी गई और आरोपी मौके से फरार हो गए. पुलिस को शक है कि इस वारदात को सड़क हादसा दिखाकर बच निकलने की योजना बनाई गई थी.
पत्नी और प्रेमी समेत चार आरोपी पकड़े गए
पुलिस ने इस मामले में अश्विनी बिरादर , आनंद कल्लूर , सचिन बडाली और एक नाबालिग को पकड़ा है. मामले में केस दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है. पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद और विवाहेतर संबंध हत्या की साजिश की वजह के रूप में सामने आए हैं. हालांकि, मामले से जुड़े सभी तथ्यों की पुष्टि जांच के आगे बढ़ने के साथ होगी.



