देश में विपक्षी दलों के गठबंधन INDIA ब्लॉक के सांसदों के चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जारी प्रदर्शन के बीच बीजेपी के वरिष्ठ नेता मुरली मनोहर जोशी ने कहा कि अगर चुनाव निष्पक्ष हों और नौकरशाही पारदर्शी हो, तो जनता की चुनी हुई सरकार खत्म नहीं होनी चाहिए. साथ ही छात्रों पर लाठीचार्ज के मामले में पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बल प्रयोग सही नहीं है. लाठीचार्ज का तरीका सही नहीं है, इससे समाधान नहीं निकल सकता.

छात्रों के प्रदर्शन और उन पर लाठीचार्ज किए जाने के मामले पर बीजेपी के बुजुर्ग नेता मुरली मनोहर जोशी ने कहा, “देखिए, विरोधप्रदर्शन का मामला अलग है. छात्रों की जायज मांगों को हमेशा सुना जाना चाहिए. पूरी सहानुभूति के साथ सुना जाना चाहिए. लाठीचार्ज का तरीका किसी भी स्तर पर सही नहीं है. इस तरह से कभी समाधान नहीं निकल सकता। अगर कोई समस्या है, तो उनकी बात सुनी जानी चाहिए. आखिर वे हमारे बच्चे हैं.”
छात्रों के साथ अपने बच्चे जैसा व्यवहार होः जोशी
दिल्ली में 21वें FICCI हायर एजुकेशन समिट के इतर पत्रकारों से बात करने के दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री जोशी ने कहा, “जब कोई बच्चा अपने पिता से इस बात की शिकायत करता है कि आपने मुझे यह अमुक चीज दिलाने का वादा किया था तो पिता की ओर से बताया जाता है कि वह अपना वादा क्यों पूरा नहीं कर सके और उसे भरोसा दिलाते हैं कि वह जल्द ही ऐसा करेंगे. या क्या वह बच्चे को भगा देते हैं? इसी तरह छात्र हमारे बच्चे हैं और उनके साथ भी उसी तरह व्यवहार किया जाना चाहिए.”
राष्ट्रीय शिक्षा नीति के बारे में पूछे जाने पर पद्म विभूषण से सम्मानित पूर्व HRD मंत्री जोशी ने कहा कि इसका सहीसही मूल्यांकन करना अभी जल्दबाजी होगी. उन्होंने कहा, “राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 अभी नई है. इसे लागू हुए अधिक समय नहीं हुआ है. इसे लागू करने का काम अभी जारी है तो इस चरण में अभी क्या कह सकते हैं? यह तो बस शुरुआत है. इसके नतीजे क्या होंगे, यह हमें बाद में पता चलेगा.”
संविधान का उल्लंघन हुआ तो SC इसे देखेः जोशी
चुनाव आयोग से जुड़े विवाद पर बीजेपी नेता जोशी ने कहा कि अगर किसी तरह से कहीं पर संविधान का उल्लंघन होता है, तो सुप्रीम कोर्ट को इस मामले को देखना चाहिए.
VIDEO | Delhi: BJP leader Murli Manohar Joshi says, “This is a matter for consideration because the new education policy has not been in place for very long. It is still underway, so what can we say about it at this stage? It is only the beginning. What its results will be, we will know later.”
On the Opposition protest against CEC Gyanesh Kumar, Joshi says, “I have told you this much. I always say that government of the people, by the people and for the people shall not perish from the earth. Lincoln said this almost 200 years ago. Now I say that government of the people, for the people and by the people shall not perish from the earth, provided the elections are fair, governments are accountable, the bureaucracy is transparent, the Opposition is responsive and responsible, and there is a clearcut alternative programme. The whole thing has to be done within the ambit of the Constitution, and if the Constitution is violated, then the Supreme Court should look into it. That is the principle on which democracy should work.”
— Press Trust of India October 8, 2026
वोटर लिस्ट के ‘स्पेशल इंटेंसिव रिविजन’ में गड़बड़ी के आरोपों पर विपक्ष द्वारा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग के बारे में पूछे गए एक सवाल के जवाब में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री जोशी ने कहा, “जनता की, जनता के लिए और जनता द्वारा चुनी गई सरकार धरती से खत्म नहीं होगी, बशर्ते चुनाव निष्पक्ष हों, और पूरी प्रक्रिया में सरकार के पास जवाबदेही हो और नौकरशाही पारदर्शी हो.”
विपक्ष संवेदनशील और जिम्मेदारः पूर्व मंत्री जोशी
विपक्ष के प्रदर्शन के बीच पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा, “विपक्ष संवेदनशील और जिम्मेदार है, और उसके पास एक स्पष्ट वैकल्पिक कार्यक्रम है. पूरी प्रक्रिया संविधान के दायरे में होनी चाहिए, और अगर संविधान का उल्लंघन होता है, तो सुप्रीम कोर्ट को इसे देखना चाहिए. लोकतंत्र इसी सिद्धांत पर काम करना चाहिए.”
राहुल गांधी की अगुवाई में कांग्रेस समेत कई प्रमुख विपक्षी दल पिछले महीने 25 सितंबर को ‘द इंडियन एक्सप्रेस’ की उस रिपोर्ट के बाद से ही मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं, जिसमें SIR प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों और कुछ फैसलों को लेकर चुनाव आयुक्तों के बीच मतभेदों का जिक्र किया गया था. विपक्ष इस मसले पर आज लगातार तीसरे दिन प्रदर्शन कर रहा है.


