भारत में इलेक्ट्रिक गाड़ियों की मांग लगातार बढ़ रही है. हालांकि, अभी भी इलेक्ट्रिक कारों की कीमत काफी ज्यादा है, जिसके चलते हर कोई इन्हें खरीदने का बजट नहीं बना पाता. ऐसे में कई लोगों के मन में सवाल आता है कि क्या अपनी पुरानी पेट्रोल या डीजल कार को ही इलेक्ट्रिक गाड़ी में बदला जा सकता है? अगर हां, तो इसमें कितना खर्च आएगा और क्या ऐसा करना फायदे का सौदा रहेगा?

दरअसल, बाजार में ऐसी कई EV कन्वर्जन किट मौजूद हैं, जिनकी मदद से पुरानी कार को इलेक्ट्रिक बनाया जा सकता है. लेकिन इस पर पैसा खर्च करने से पहले इसकी लागत, बचत और कानूनी नियमों को समझना जरूरी है.

पुरानी कार को EV बनाने में कितना आएगा खर्च?

और Hyundai i10 जैसी छोटी कारों को इलेक्ट्रिक बनाने के लिए कई तरह की रेट्रोफिट किट उपलब्ध हैं. एक बेसिक EV कन्वर्जन किट की कीमत करीब 2.25 लाख रुपये से शुरू होती है. इसमें इलेक्ट्रिक मोटर, कंट्रोलर और छोटी बैटरी शामिल होती है. अगर आप कार में AC चलाने की सुविधा भी चाहते हैं, तो इसके लिए अलग व्यवस्था करनी पड़ सकती है. इसके अलावा किट की फिटिंग और RTO में रजिस्ट्रेशन अपडेट कराने का खर्च जोड़ने पर कुल बजट करीब 2.60 लाख से 2.85 लाख रुपये तक पहुंच जाता है. वहीं, अगर आप एक बार चार्ज करने पर 250 से 300 किलोमीटर तक चलने वाली बड़ी बैटरी लगवाना चाहते हैं, तो खर्च बढ़कर 4 लाख से 8 लाख रुपये तक हो सकता है.

हर साल बच सकते हैं 1.15 लाख रुपये

पुरानी कार को बनाने का सबसे बड़ा फायदा पेट्रोल पर होने वाला खर्च कम होना है. मान लीजिए आपकी पेट्रोल कार एक लीटर में 12 किलोमीटर चलती है और आप रोजाना करीब 40 किलोमीटर का सफर करते हैं. ऐसे में महीने का पेट्रोल खर्च लगभग 10,500 रुपये हो सकता है.

लेकिन कार को EV में बदलने के बाद यही सफर घर पर चार्ज करने से करीब 700 रुपये महीने के बिजली खर्च में पूरा हो सकता है. इस हिसाब से सालभर में करीब 1.15 लाख रुपये की बचत संभव है. यानी शुरुआती खर्च और बचत को देखते हुए ढाई से तीन साल में कन्वर्जन किट की कीमत वसूल हो सकती है.

क्या पुरानी कार को EV बनाना कानूनी है?

भारत में पुरानी कार को इलेक्ट्रिक में बदलना कानूनी है, लेकिन इसके लिए कुछ जरूरी शर्तें पूरी करनी होती हैं. सबसे पहले कन्वर्जन किट का ARAI या ICAT से प्रमाणित होना जरूरी है. इसके बाद RTO में गाड़ी के रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट पर फ्यूल टाइप को पेट्रोल या डीजल से बदलकर इलेक्ट्रिक करवाना होगा.इसके अलावा अपनी इंश्योरेंस कंपनी को भी कार में किए गए इस बदलाव की जानकारी देनी होगी.

किन लोगों के लिए सही है यह ऑप्शन?

पुरानी कार को EV में बदलना हर किसी के लिए फायदेमंद नहीं होगा. यह ऑप्शन उन लोगों के लिए बेहतर हो सकता है जिनकी कार की बॉडी और हालत अच्छी है और जिन्हें रोजाना शहर के अंदर करीब 3040 किलोमीटर ही सफर करना होता है. ऐसे में नई इलेक्ट्रिक कार खरीदने के बजाय पुरानी गाड़ी को EV में बदलना कम खर्च वाला विकल्प बन सकता है.