
महाराष्ट्र में एक महिला नर्स के साथ सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, महिला गलती से एक ऐसे होटल के कमरे में पहुंच गई, जहां तीन युवक शराब पी रहे थे। आरोप है कि युवकों ने उसे कमरे के अंदर खींच लिया और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलने के बाद पीड़िता पुलिस थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
गलत कमरे में पहुंचने पर बनाया बंधक
पुलिस के अनुसार, महिला नर्स रात करीब 11 बजे फोन पर बात करने के लिए अपने कमरे से बाहर निकली थी। वापस लौटते समय वह गलती से दूसरी मंजिल पर पहुंच गई और अपने कमरे के बजाय दूसरे कमरे का दरवाजा खोलकर अंदर चली गई।
कमरे में तीन युवक शराब पी रहे थे। आरोप है कि महिला को देखते ही तीनों ने उसे पकड़कर कमरे के अंदर खींच लिया। इसके बाद आरोपियों ने उसके साथ जबरदस्ती की और उसे बाहर निकलने नहीं दिया।
तड़के किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकली महिला
पीड़िता के मुताबिक, आरोपियों ने उसके साथ रातभर दरिंदगी की। तड़के करीब तीन से चार बजे के बीच वह किसी तरह कमरे से बाहर निकलने में कामयाब हुई। इसके बाद वह सीधे पुलिस स्टेशन पहुंची और अपने साथ हुई घटना की शिकायत दर्ज कराई।
तीन घंटे के भीतर पुलिस ने दबोचे आरोपी
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की और कुछ ही घंटों में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान घनश्याम राठौड़, ऋषिकेश चव्हाण और किरण राठौड़ के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, घनश्याम और किरण बैंक में रिकवरी एजेंट के रूप में काम करते हैं, जबकि ऋषिकेश एमबीए का छात्र है। तीनों आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद चार दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।
फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और पीड़िता के बयान समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



