
लखनऊ| 26 अक्टूबर 2026| उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक किशोर की अजीबोगरीब हरकत सामने आई है. जहां नीट की तैयारी कर रहे 17 वर्षीय छात्र ने अपनी प्रेमिका के साथ घूमने-फिरने के लिए पैसों का इंतजाम करने के इरादे से खुद के अपहरण की झूठी कहानी रच दी.
लापता होने की शिकायत के बाद शुरू हुई तलाश
मामला पारा थाना क्षेत्र का है. पुलिस के मुताबिक, 20 अक्टूबर को किशोर की मां ने उसके लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की. इसी बीच किशोर के मोबाइल नंबर से उसके मामा और एक महिला रिश्तेदार को व्हाट्सएप मैसेज भेजे गए, जिनमें पांच लाख रुपये की मांग की गई थी.
मैसेज में पैसे नहीं देने पर हत्या करने और चेन्नई के जंगलों में शव खोज लेने जैसी धमकियां भी दी गई थीं. जिसके के बाद मामला और गंभीर हो गया फिर पुलिस ने सर्विलांस टीम की मदद ली.
ऑनलाइन गेम और सट्टे में गंवा चुका था पैसे
जांच के दौरान किशोर की आर्थिक परेशानियों से जुड़ी जानकारी सामने आई. पुलिस के अनुसार, वह ऑनलाइन गेमिंग और सट्टे में 50 हजार रुपये से अधिक गंवा चुका था. इसके बाद उससे जुड़े कर्ज की वसूली के लिए लोग उसके चाचा के घर पहुंचने लगे थे. पारिवारिक तनाव के चलते उसे अलग किराये के कमरे में रहने भेज दिया गया था. बता दें कि किशोर के पिता दूसरे राज्य में मजदूरी करते हैं. वह लखनऊ में रहकर मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट की तैयारी कर रहा था.
स्कैनर कोड से मिला अहम सुराग
पुलिस के मुताबिक, प्रेमिका के साथ घूमने के लिए पैसों के जुगाड़ की योजना के तहत किशोर ने रिश्तेदारों को अपने अपहरण का विश्वास दिलाने की कोशिश की. उसने एक महिला रिश्तेदार को अपने पिता के नाम से जुड़े खाते में पैसे भेजने के लिए ऑनलाइन भुगतान ऐप का स्कैनर कोड भी भेजा. जिसमें 2 हजार रूपये भेजे भी गए थे.
मोबाइल लोकेशन, डिजिटल साक्ष्यों और भुगतान से जुड़े सुरागों के आधार पर पुलिस ने किशोर का पता लगा लिया. वह अपनी प्रेमिका के साथ मिला. पूछताछ के बाद अपहरण की साजिश का खुलासा हुआ.
किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश करने की तैयारी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 217, 353(2) और 308(2) भी जोड़ी गई हैं. किशोर को संरक्षण में लेकर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है.



