
कांग्रेस नेता राहुल गांधी बिहार के जमुई में लड़की से हुई छेड़छाड़ के मामले पर गुस्सा जाहिर किया है. उन्होंने सोमवार (21 सितंबर) को कहा कि जमुई का वीडियो बेचैना करने वाला है. राहुल ने बिना नाम लिए भारतीय जनता पार्टी पर भी तंज कसा. उन्होंने कहा कि अंधभक्त ऐसी सोच को सामान्य ठहराते हैं. कांग्रेस नेता ने बिहार सरकार से जवाब भी मांगा है.
राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट के जरिए कहा, ‘बिहार के जमुई का एक वीडियो बहुत बेचैन करने वाला है. 10वीं क्लास के एक छात्र और छात्रा को रास्ते में जबरदस्ती रोक लिया गया. उन्हें प्रताड़ित किया गया, अपमानित किया गया और छात्रा के साथ उत्पीड़न किया गया. बच्ची हाथ जोड़कर उसे जाने देने की विनती करती रही, मगर गुंडे उसे गलत तरीके से छूते और खींचतान करते रहे.’
उन्होंने कहा, ‘इन लोगों को ऐसी बदतमीज़ी करने का हक किसने दिया? यह “संस्कृति” नहीं है, यह patriarchy है: ये सोच कि किसी भी पुरुष का किसी लड़की के शरीर, उसके आने-जाने और उसकी पसंद-नापसंद पर नियंत्रण है. जब नियंत्रण को ही संस्कृति मान कर ‘अंधभक्त’ ऐसी सोच को सामान्य ठहराते हैं, तो भीड़ को लगने लगता है कि वही कानून है.’
राहुल ने कहा, ‘उस वीडियो में दिख रहे हर व्यक्ति की पहचान होनी चाहिए और उन अपराधियों पर POCSO के तहत मुकदमा चलाकर उन्हें जल्द से जल्द सजा मिलनी चाहिए. और अगर ये घटना 19 सितंबर की है तो गुनहगार अब तक सलाखों के पीछे क्यों नहीं हैं? और बिहार सरकार जवाब दे कि शाम 7 बजे कोई लड़की राज्य की सड़कों पर सुरक्षित क्यों नहीं है?’
बता दें कि जमुई में एक लड़की से छेड़खानी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. कई युवकों ने लड़की के साथ हैवानियत करने की कोशिश की थी. इस मामले को पुलिस ने गंभीरता से लेते हुए एफआईआर दर्ज की और 3 लोगों को गिरफ्तार किया है.



