दुनियाभर में डेटा की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर से बड़ी चिंता सामने आई है. साइबर सिक्योरिटी रिसर्चर्स ने डेटा लीक के दो बड़े मामलों का हैरान कर देने वाला खुलासा किया है. रिसर्चर्स के इन दोनों मामलों में कुल 3.5 अरब से ज्यादा रिकॉर्ड सामने आए हैं. लीक हुई डिटेल्स में ईमेल आईडी, यूजरनेम, पासवर्ड, फोन नंबर, सरकारी पहचान संख्या और पर्सनल डॉक्यूमेंट्स शामिल हैं. रिपोर्ट के अनुसार एक डेटाबेस में लगभग 2 अरब लॉगिन रिकॉर्ड सामने आए हैं, वहीं दूसरे में चीन से जुड़े 1.64 अरब रिकॉर्ड मौजूद हैं. एक्सपर्ट्स ने इसको लेकर चेतावनी जारी की है कि इस जानकारी का इस्तेमाल साइबर अपराधी अकाउंट में सेंध लगाने, पहचान की नकल करने और ऑनलाइन फॉर्ड जैसे कामों के लिए कर सकते हैं.

वायर्ड की रिपोर्ट के अनुसार इन दोनों मामलों का पता अलगअलग साइबर सिक्योरिटी रिसर्चर्स ने लगाया है. इनमें से एक डेटाबेस में चीन से जुड़े 1.64 अरब रिकॉर्ड मिले हैं, वहीं लगभग 2 अरब लॉगिन दूसरे देशों के रिकॉर्ड मौजूद थे. लेकिन यहां ध्यान देने वाली बात यह है कि 3.5 अरब का डेटा का रिकॉर्ड की संख्या है, प्रभावित लोगों की नहीं. इसकी वजह यह है कि एक ही व्यक्ति की जानकारी कई अकाउंट में दर्ज हो सकती है.
मालवेयर के जरिए चुराए गए 2 अरब रिकॉर्ड
पहले मामले का पता Black Hills Information Security के रिसर्चर्स जेरेमिया फाउलर ने लगाया है. उन्हें एक ऐसा डेटाबेस मिला, जिसमें लगभग 2 अरब लॉगिन रिकॉर्ड मौजूद थे. इसमें ईमेल एड्रेस, पासवर्ड, यूजरनेम, कुकीज, सेशन टोकन और डिवाइस से जुड़ी डिटेल्स शामिल थीं. यह डेटा 8,471 अलगअलग फोल्डर में देश के हिसाब से रखा गया था.
रिसर्चर्स के अनुसार इस जानकारी का बड़ा हिस्सा इन्फो स्टीलर मालवेयर के जरिए जुटाया गया हो सकता है. इस तरह का मालवेयर किसी डिवाइस में मौजूद सेव पासवर्ड और दूसरी पर्सनल डिटेल्स चुरा सकता है. इसके बाद साइबर अपराधी इस डेटा को खरीदने और बेचने का काम करते हैं. इस मामले में सबसे ज्यादा चिंता की बात लगभग 4 लाख डॉक्यूमेंट्स का मिलना है. फाउलर के अनुसार ये डॉक्यूमेंट्स किसी ज्यादा ज्यादा एडवांस मालवेयर से जुटाए गए हो सकते हैं. इनके जरिए किसी व्यक्ति की डिजिटल एक्टिविटी और पर्सनल जानकारी की प्रोफाइल तैयार की जा सकती है.
चीन से जुड़े 1.64 अरब रिकॉर्ड भी सामने आए
दूसरे मामले का पता UpGuard के रिसर्च डायरेक्टर ग्रेग पोलॉक ने लगाया. उन्हें 1.64 अरब डॉक्यूमेंट्स वाला एक डेटाबेस मिला, जिसका संबंध मुख्य रूप से चीन के लोगों और वहां के बिजनेस से जुड़ा था. इसमें लगभग 84 करोड़ अलगअलग राष्ट्रीय पहचान संख्या, 30 करोड़ फोन नंबर, 1.1 करोड़ स्टूडेंट एनरोलमेंट रिकॉर्ड और करीब 80 लाख बिजनेस रजिस्ट्रेशन की जानकारी शामिल थी. कुछ रिकॉर्ड में बच्चों और मृत लोगों की डिटेल्स भी मिली.
रिपोर्ट के मुताबिक इस डेटाबेस को बिना किसी पासवर्ड या पहचान की पुष्टि के एक्सेस किया जा सकता था. लेकिन जांच के दौरान यह डेटाबेस अचानक मिलना बंद हो गया. इसके पीछे रैनसमवेयर हमले या किसी दूसरी साइबर एक्टिविटी की चिंता जताई गई है.
रिसर्चर्स का कहना है कि अलगअलग जगहों से जुटाई गई ऐसी जानकारियां साइबर अपराधियों के लिए काफी मददगार हो सकती हैं. इनका इस्तेमाल फेक पहचान बनाने, अकाउंट में सेंध लगाने और लोगों को निशाना बनाकर ठगी करने में किया जा सकता है. बता दें कि साल 2024 में सामने आए मदर ऑफ ऑल ब्रीचेज मामले में 26 अरब रिकॉर्ड उजागर हुए थे, जिसे अब तक के सबसे बड़े डेटा लीक मामलों में गिना जाता है.



