भारत में iPhone बनाने वाली कंपनी Foxconn की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं. ताजा मामला पेमेंट विवाद से जुड़ा हुआ है, जहां कंपनी के लगभग 6 वेंडर्स का पैसा काफी समय से फंसा हुआ है. इससे परेशान होकर एक भारतीय वेंडर ने अब 143 करोड़ रुपये की वसूली के लिए कोर्ट का रुख कर लिया है. रिपोर्ट के अनुसार लगभग छह वेंडर्स बीते कई महीनों से अपने पैसे मिलने का इंतजार कर रहे हैं. इनमें से एक कंपनी BCD Emprasa LLP ने अब इस मामले को नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल यानी NCLT पहुंच गया है. कंपनी ने Foxconn से लगभग 143 करोड़ रुपये की वसूली की मांग NCLT से की है. यह पैसा किराए और बिजलीपानी जैसी सुविधाओं के बिलों से जुड़े हुए हैं.

ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक BCD Emprasa ने 12 अगस्त को चेन्नई स्थित NCLT में याचिका दायर की. कंपनी ने आरोप लगाया है कि Foxconn ने तय समझौते के बाद भी उसका पेमेंट नहीं किया. BCD Emprasa ने Foxconn Hon Hai Technology India Mega Development Pvt. Ltd. से कुल 143 करोड़ रुपये की मांग की है. इस रकम में ब्याज, नुकसान और सर्विस चार्ज जैसी चीजें शामिल हैं. कंपनी ने 8 जुलाई तक के हिसाब से इस रकम का दावा ठोका है.
क्या है पूरा भुगतान विवाद?
आपको बता दें कि साल 2024 के अप्रैल में Foxconn और BCD Emprasa के बीच एक समझौते पर साइन हुआ. इस समझौते के तहत BCD को Foxconn की बेंगलुरु यूनिट में काम करने वाली महिला कर्मचारियों के रहने के लिए 700 आवासीय यूनिट उपलब्ध कराने थे. इसके साथ ही समझौते में यह भी शर्त रखी गई थी कि अगर इन कमरों में कर्मचारी नहीं रहते हैं, तब भी Foxconn को फिक्स किराया देना ही होगा. इसके साथ ही यह समझौता जुलाई 2026 तक लॉकइन पीरियड के तहत था.
BCD ने आरोप लगाया है कि Foxconn ने मई 2025 में बिल का पेमेंट नहीं किया. साथ ही कंपनी ने यह भी कहा है कि Foxconn ने विवाद खत्म करने के लिए आर्बिट्रेटर नियुक्त करने की प्रक्रिया को आगे नहीं बढ़ाया. BCD ने ब्लूमबर्ग से कहा कि पेमेंट में देरी के कारण से उसे आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है. कंपनी ने यह भी साफ किया है कि मामला फिलहाल NCLT में विचाराधीन है.
सिर्फ एक कंपनी नहीं, दूसरे वेंडर्स भी परेशान
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार के साथ कम से कम 4 और भी वेंडर्स Foxconn से अपने बकाया मिलने का इंतजार कर रहे हैं. इनमें से कुछ कंपनियां ऐसी भी हैं, जिन्हें बेंगलुरु स्थित Foxconn प्लांट में निर्माण से जुड़े काम कराए थे. इनमें से कुछ कंपनियां पहली बार Foxconn के साथ काम कर रही थीं. बताया जा रहा है कि कंपनी के कुछ गैर भारतीय कर्मचारियों के जाने के बाद लोकल ठेकेदारों के पेमेंट की प्रक्रिया धीमी हुई है. लेकिन इन मामलों के सामने आने से यह जरूरी नहीं है कि Foxconn दिवालिया हो जाए. भारत में कंपनियां अक्सर बकाया रकम वसूलने के लिए इस तरह की कानूनी प्रक्रिया को अपनाती हैं.
भारत में विस्तार की तैयारी में Foxconn
इस विवाद के बाद भी Foxconn की भारत में विस्तार योजनाओं पर कोई बड़ा असर पड़ने की संभावना नहीं दिखाई दे रही है. ताइवान की यह कंपनी Apple की सप्लाई चेन में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने के लिए Tata Electronics से मुकाबला तेज कर रही है. बीते साल Foxconn ने भारत से सैकड़ों चीनी कर्मचारियों को वापस बुलाया था और उनकी जगह ताइवान और वियतनाम से कर्मचारी भेजे थे. ऐसे में भुगतान विवाद कंपनी के लिए एक नई समस्या बन सकता है.



