Raigad News: महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के ताम्हिणी घाट में एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे का खुलासा हुआ है. यहां करीब 1200 फीट गहरी खाई में गिरी एक फॉर्च्यूनर कार से लापता उद्यमी श्रीनिवास बेंडखले का शव बरामद किया गया है. बेहद दुर्गम पहाड़ी इलाके और विपरीत परिस्थितियों के बीच सह्याद्री वन्यजीव रक्षणार्थ सामाजिक संस्था की रेस्क्यू टीम ने आधुनिक उपकरणों की मदद से यह चुनौतीपूर्ण बचाव अभियान सफलतापूर्वक पूरा कर शव को खाई से बाहर निकाला.

जानकारी के मुताबिक, माणगांव तालुका के गोरेगांव क्षेत्र निवासी उद्यमी श्रीनिवास बेंडखले के अचानक लापता होने की सूचना माणगांव पुलिस को मिली थी. पुलिस ने जब उनके मोबाइल फोन की लोकेशन ट्रेस की, तो आखिरी लोकेशन ताम्हिणी घाट परिसर में मिली, जिसके बाद इलाके में सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया. तलाश के दौरान ताम्हिणी घाट की लगभग 1200 फीट गहरी खाई में उनकी फॉर्च्यूनर कार पड़ी दिखाई दी. कार इतनी गहराई में थी कि वहां तक पहुंचना बेहद जोखिम भरा और कठिन था.

पौड पुलिस के मार्गदर्शन में SVRSS टीम का साहसिक रेस्क्यू ऑपरेशन

घटना की सूचना पर पौड पुलिस थाने के अधिकारी महेश पवार के मार्गदर्शन में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया. SVRSS की रेस्क्यू टीम ने दुर्गम पहाड़ी ढलान और 1200 फीट की गहराई में उतरकर अथक प्रयासों के बाद उद्यमी श्रीनिवास बेंडखळे के शव को सुरक्षित ऊपर निकाला. इस दुर्भाग्यपूर्ण हादसे में उद्यमी की मौत की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है. हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसे लेकर पुलिस प्रशासन द्वारा आगे की जांच की जा रही है. वहीं, बेहद कठिन हालात में चलाए गए SVRSS टीम के इस रेस्क्यू अभियान की हर तरफ सराहना हो रही है.