गृह मंत्री अमित शाह अपने दो दिवसीय दौरे पर अरुणाचल प्रदेश की राजधानी ईटानगर पहुंचे हैं. गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने रविवार को कहा कि चीन की सीमा से लगे 40 गांवों की आबादी बढ़ी है और वहां से लोगों का पलायन रुक गया है, क्योंकि केंद्र सरकार ने वहां रोजगार और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं. अरुणाचल प्रदेश में एक सहकारिता सम्मेलन को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि गृह मंत्रालय द्वारा भारततिब्बत सीमा पुलिस और सेना को इन गांवों की सहकारी समितियों से उपज खरीदने का निर्देश दिए जाने के बाद, गांवों और सशस्त्र बलों के बीच संबंध और मजबूत हुए हैं.

इस दौरान उन्होंने अरुणाचल प्रदेश पुलिस की एक बड़ी उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए पूरे राज्य को बधाई दी. गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि वे यहां दो दिन के दौरे पर आए हैं और यह बेहद खुशी की बात है कि कल ही अरुणाचल प्रदेश पुलिस को प्रतिष्ठित ‘प्रेसिडेंट्स कलर’ से सम्मानित किया गया है. उन्होंने इस उपलब्धि को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह सम्मान हासिल करने वाली अरुणाचल प्रदेश पुलिस देश की 70वीं पुलिस फोर्स बन गई है.

बिना देरी के सरकार सर्वांगीण विकास की ओर करेगी काम

गृह मंत्री ने कहा, “कल हमने अरुणाचल प्रदेश के सर्वांगीण विकास से जुड़े सभी पहलुओं की विस्तृत समीक्षा करने में लगभग 3.5 से 3.75 घंटे बिताए. हमने भविष्य के लिए रोडमैप तैयार किए हैं, कई फैसले लिए हैं और जहां भी भारत सरकार के सहयोग की आवश्यकता है, किरेन रिजिजू और मैंने उन जरूरतों को ध्यान से नोट कर लिया है. मैं मुख्यमंत्री पेमा खांडू और उपमुख्यमंत्री को आश्वस्त करना चाहता हूं कि भारत सरकार, बिना किसी देरी के, अरुणाचल प्रदेश के सर्वांगीण विकास का मार्ग प्रशस्त करेगी.”

बढ़ा राज्य का बजट

अरुणाचल प्रदेश कोऑपरेटिव विजन डॉक्यूमेंट 2047′ के लॉन्च और ‘कोऑपरेटिव अवार्ड्स समारोह’ के दौरान, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद पूरे देश में पूर्वोत्तर के पर्यटन को बढ़ावा देने के सबसे बड़े एंबेसडर बन गए हैं. इसके अलावा, उन्होंने इस क्षेत्र में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए ठोस प्रयास किए हैं, जिसमें प्राकृतिक सुंदरता को सुरक्षित रखते हुए विकास सुनिश्चित किया गया है. इसके परिणाम हर राज्य में दिखाई दे रहे हैं. हमारी सरकार के आने से पहले, अरुणाचल प्रदेश का बजट 12,000 करोड़ रुपये था. आज यह 36,000 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, जो इस बात का स्पष्ट प्रमाण है कि पिछले 12 वर्षों में क्या कुछ हासिल किया गया है.”

उन्होंने कहा, “अरुणाचल प्रदेश में महिलाएं अपनी सहकारी समितियों के माध्यम से डेयरी उत्पाद, अंडे, सब्जियां, मोटे अनाज और आटा उपलब्ध करा रही हैं. इससे ग्रामीण परिवारों में खुशहाली आ रही है, स्थानीय कृषि में बदलाव आ रहा है और गांवों तथा सेना के बीच संबंध मजबूत हो रहे हैं.”

अरुणाचल प्रदेश के विकास की रूपरेखा बताते हुए, शाह ने रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा और हर परिवार की खुशहाली को सरकार की मुख्य प्राथमिकताओं के रूप में गिनाया. उन्होंने राज्य की भाजपा सरकार को विकास कार्यों के लिए केंद्र की ओर से मदद का भरोसा भी दिलाया.
शाह ने कहा, “हर सहकारी संस्था और महिला स्वयं सहायता समूहों को अरुणाचल प्रदेश को जरूरी खाद्य उत्पादों के मामले में आत्मनिर्भर बनाने की चुनौती स्वीकार करनी चाहिए. रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा और हर परिवार की खुशहाली ये अरुणाचल की चार मुख्य प्राथमिकताएं होनी चाहिए.”