मशहूर अभिनेता और भाजपा नेता मिथुन चक्रवर्ती को बुधवार को पश्चिम बंगाल की शुभेंदु सरकार में बड़ी जिम्मेदारी मिली है. मिथुन को बगाल सरकार का सांस्कृतिक सलाहकार नियुक्त किया गया है. जिसके साथ ही उन्हें कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया गया. एक अधिसूचना से यह जानकारी मिली है.

मिथुन चक्रवर्ती लंबे समय से बंगाल की राजनीति में सक्रिय रहे हैं. पश्चिम बंगाल सरकार ने अब उन्हें सूचना और सांस्कृतिक मामलों के विभाग का सलाहकार नियुक्त किया है. यह विभाग राज्य में सूचना, संस्कृति, कला और मनोरंजन से जुड़े मामलों को देखता है. फिलहाल इस विभाग की जिम्मेदारी शुभेंदु अधिकारी के पास है. मुख्य सचिव मनोज कुमार अग्रवाल के हस्ताक्षर वाले एक नोटिफिकेशन में मिथुन चक्रवर्ती की नियुक्ति की घोषणा की गई है और संबंधित विभागों व अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई है.
मिथुन का क्या काम होगा?
मिथुन चक्रवर्ती का काम सरकार को सलाह देना होगा. हालांकि, इस पद के लिए उन्हें कैबिनेट मंत्री के बराबर का दर्जा दिया गया है. गौरतलब है कि मिथुन चक्रवर्ती ने पहले कहा था कि शुभेंदु अधिकारी बंगाल के लिए सबसे अच्छे मुख्यमंत्री होंगे. वहीं, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने हाल में घोषणा की थी कि मिथुन को पश्चिम बंगाल सरकार का सांस्कृतिक सलाहकार बनाया जाएगा.
हाल ही में मदरसों पर दिया था बयान
मिथुन चक्रवर्ती ने बंगाल के बिना मान्यता वाले मदरसों को बंद करने का समर्थन किया. अभिनेता से नेता बने मिथुन चक्रवर्ती ने पश्चिम बंगाल में बिना सरकारी मदद और बिना मान्यता वाले मदरसों पर प्रशासन की कार्रवाई का समर्थन किया. उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी चिंताओं को इसका सही कारण बताया.
अल्पसंख्यक संस्थानों की फंडिंग पर उठाए सवाल
उन्होंने राज्य भर में 250 से ज्यादा मदरसों को बंद करने और 100 अन्य को नोटिस जारी करने के फैसले को सही ठहराया. उन्होंने कहा कि इन अल्पसंख्यक संस्थानों में फंडिंग के तरीकों और क्या वे सही मकसद के लिए इस्तेमाल हो रहे हैं, इसकी जांच करना जरूरी है.



