कोलकाता से मुंबई जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट में बुधवार सुबह हाइजैक अलर्ट मिलने से हड़कंप मच गया. विमान के टेकऑफ से ठीक पहले उसके टॉयलेट के शीशे पर हाइजैक की धमकी लिखा संदेश मिला. इसके बाद विमान को तत्काल आइसोलेशन बे में भेज दिया गया. विमान में सवार 147 यात्रियों और क्रू मेंबर्स को नीचे उतार लिया गया. सुरक्षा एजेंसियों ने मानक संचालन प्रक्रिया के तहत जांच शुरू कर दी है.

रिपोर्ट के मुताबिक, घटना बुधवार सुबह करीब 10:20 बजे की है. एयर इंडिया की फ्लाइट AI 772 मुंबई के लिए उड़ान भरने की तैयारी कर रही थी. इसी दौरान केबिन क्रू के सदस्यों ने विमान के टॉयलेट के शीशे पर हाइजैक अलर्ट लिखा देखा. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यह संदेश लिपस्टिक से लिखा गया था. संदेश सामने आने के बाद तत्काल सुरक्षा अलर्ट जारी किया गया और विमान को आइसोलेशन बे में ले जाया गया.
टॉयलेट के शीशे पर मिला हाइजैक का संदेश
फ्लाइट AI 772 के पायलट टेकऑफ की तैयारी कर रहे थे, तभी केबिन क्रू की नजर टॉयलेट के शीशे पर लिखे संदेश पर पड़ी. इसके बाद पायलट और क्रू ने तत्काल इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दी. सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत विमान को उड़ान भरने से रोक दिया गया.
मैपुसा के पुलिस इंस्पेक्टर अनंत गांवकर ने बताया कि कोलकाता से मुंबई जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट को टेकऑफ से कुछ समय पहले धमकी का अलर्ट मिला था. इसके बाद विमान को आइसोलेशन बे में भेजा गया. सुरक्षा एजेंसियां तत्काल मौके पर पहुंचीं और SOP के तहत जांच शुरू कर दी. यात्रियों और क्रू मेंबर्स को विमान से उतार दिया गया. सुरक्षा, फायर ब्रिगेड और बम निरोधक दस्ते के सदस्यों को जांच के लिए तैनात किया गया.
147 यात्री थे विमान में सवार
विमान में 147 यात्री सवार थे. अलर्ट मिलने के बाद सभी यात्रियों और क्रू मेंबर्स को विमान से उतार लिया गया. इसके बाद विमान को अलग आइसोलेशन बे में खड़ा कर उसकी जांच शुरू की गई. सुरक्षा एजेंसियों के साथ फायर ब्रिगेड और बम निरोधक दस्ते की टीमों को भी जांच में लगाया गया. फिलहाल धमकी की गंभीरता और संदेश लिखने वाले व्यक्ति की पहचान को लेकर जांच की जा रही है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि विमान के टॉयलेट में हाइजैक का संदेश किसने लिखा था और इसके पीछे क्या वजह थी. सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी.



