अगर आप भी ऑनलाइन शॉपिंग करते हैं, क्रेडिट कार्ड से पेमेंट करते हैं या फिर iPhone का इस्तेमाल करते हैं, तो यह खबर आपकी चिंता बढ़ा सकती है. इंटरनेट की दुनिया में एक बहुत बड़ा खतरा मंडरा रहा है. CNN, Zoom और IKEA जैसी दुनिया की 178 दिग्गज कंपनियों की वेबसाइट्स पर हैकर्स ने बड़ा साइबर अटैक कर दिया है. एक छोटी सी गलती के कारण लाखों लोगों का डेटा, पैसे और बैंक डिटेल्स खतरे में पड़ गया है. आखिर कैसे हैकर्स ने इस खेल को अंजाम दिया और आप कैसे बच सकते हैं, आइए जानते हैं पूरी बात.

दुनिया की करीब 178 बड़ी कंपनियों की वेबसाइटों पर साइबर अटैक का मामला सामने आया है. हैकर्स ने इन वेबसाइटों पर ऐसा खतरनाक कोड डाल दिया, जो यूजर्स की पर्सनल डिटेल्स चुरा सकता है. इसमें क्रेडिट कार्ड की डिटेल्स, क्रिप्टोकरेंसी वॉलेट की जानकारी और ब्राउजर में सेव डेटा भी शामिल है. सिर्फ इतना ही नहीं, इस हमले में iPhone और iPad यूजर्स को भी टारगेट करने का प्रयास किया गया.

रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, इस साइबर हमले में हैकर्स ने एक वेबसाइट ऑप्टिमाइजेशन प्लेटफॉर्म की मदद लिया. सिक्योरिटी रिसर्चर स्कॉट हेल्म ने लगभग 178 संस्थानों की वेबसाइटों पर इस संदिग्ध एक्टिविटी का पता लगाया. जिसके बाद जांच में पता चला कि हमलावरों ने वेबसाइटों में इस्तेमाल होने वाले JavaScript कोड के साथ कुछ बदलाव यानी छेड़छाड़ किया है.

कैसे वेबसाइटों में सेंध लगा रहे थे हैकर्स?

Optimizely नाम का प्लेटफॉर्म कंपनियों को अपनी वेबसाइट को बेहतर बनाने और मैनेज करने में सहायता करता है. हैकर्स ने इस प्लेटफॉर्म के अकाउंट साइनअप प्रोसेस में मौजूद खामी का फायदा उठाया और कुछ कस्टमर्स के प्रोजेक्ट में बिना परमिशन के खतरनाक JavaScript कोड डाल दिया.

इस कोड का इस्तेमाल कई तरह से यूजर्स को नुकसान पहुंचाने के लिए हो सकता है. अगर कोई यूजर क्रिप्टोकरेंसी ट्रांसफर कर रहा है, तो यह कोड असली वॉलेट एड्रेस की जगह हैकर का एड्रेस भी दिखा सकता है. इससे पैसे गलत अकाउंट में ट्रांसफर होने का खतरा रहता है. साथ ही वेबसाइट पर पेमेंट के दौरान डाली गई क्रेडिट कार्ड डिटेल्स भी चोरी हो सकती थी. हैकर्स ब्राउजर कुकीज हासिल करने और यूजर्स की स्क्रीन के स्क्रीनशॉट लेने में भी सक्षम हो गए थे.

iPhone और iPad यूजर्स पर भी खतरा

इस हमले का एक और चिंताजनक बात डिवाइस से जुड़ा हुआ है. कुछ संदिग्ध स्क्रिप्ट iOS और iPadOS 18.6 या इससे पुराने वर्जन पर चलने वाले iPhone और iPad को टारगेट बनाने वाले एक्सप्लॉइट किट प्रयोग करने का प्रयास कर रहे थे. लेकिन कितने डिवाइस इसके चपेट में आए, यह अभी साफ नहीं हो पाया है.

कंपनियों ने क्या कदम उठाए?

Optimizely की स्पोक्सपर्सन विक्टोरिया जॉनसन के अनुसार कंपनी के अकाउंट साइनअप सिस्टम में मौजूद खामी का फायदा उठाकर यह हमला किया गया था. कंपनी ने प्रभावित कस्टमर्स को इसकी जानकारी दी और सिक्योरिटी अपडेट भी जारी किया. बाद में कंपनी ने साफ किया कि वेबसाइटों से खतरनाक कोड हटा दिया गया है.

वहीं Salesforce ने संदिग्ध स्क्रिप्ट को बंद कर जांच शुरू कर दी. Equifax ने Optimizely का इस्तेमाल रोक दिया और कहा कि उसके सिस्टम में सेंध लगने का कोई सबूत नहीं मिला है. IKEA भी मामले के संभावित असर का आकलन कर रही है.

हैकर्स को मिले 6.6 लाख रुपये के क्रिप्टो

Report URI के मुताबिक, 1617 नवंबर को भारतीय समयानुसार रात 12:55 बजे तक हमलावरों को लगभग 7,040 डॉलर यानी लगभग 6.6 लाख रुपये की क्रिप्टोकरेंसी मिल चुकी थी. लेकिन, इससे कितना वास्तविक नुकसान हुआ है, यह अभी साफ नहीं हो पाया है. कितने लोगों के कार्ड की जानकारी और ब्राउजर कुकीज हैकर्स तक पहुंचीं, यह भी साफ नहीं हुआ है.