डिजिटल दुनिया में अब इंटरनेट और तकनीक के भरोसे लगभग हर काम हो रहा है. इंटरनेट और तकनीक के दम पर अब एक तरफ काम आसान हुआ है, तो वहीं दूसरी तरफ एक बड़ा खतरा भी देखने को मिल रहा है. बीते कुछ समय से जिस तरह से दुनिया की बड़ीबड़ी कंपनियों और सरकारी एजेंसियों के सिस्टम एक के बाद एक ठप हुए हैं, उसने आम लोगों से लेकर बड़ेबड़े टेक एक्सपर्ट्स तक की चिंता बढ़ा दी है. माइक्रोसॉफ्ट, जेपी मॉर्गन चेस, एप्पल का सर्विस प्रभावित होना, ईमेल इनबॉक्स का न खुलना, बैंकों में पैसों के लेनदेन प्रभावित होना और अमेरिका जैसे देश में कई घंटों तक हवाई सर्विस का प्रभावित होना, ये सब अब आम होता दिख रहा है. ऐसे में अब सवाल यह उठ रहा है कि क्या तकनीक के इस दौर में अब हमें ऐसी मुसीबतों के साथ ही जीने की आदत डालनी होगी?

बीते 15 दिनों में कई बड़ी तकनीकी परेशानी यूजर्स को देखने को मिली हैं. माइक्रोसॉफ्ट की सर्विस में आई खराबी के कारण दुनियाभर में ईमेल और ऑफिस से जुड़े काम प्रभावित हुए. आउटलुक, टीम्स और AI असिस्टेंट कोपायलट जैसी सर्विस भी कुछ समय तक प्रभावित रहीं. कंपनी के अनुसार, सर्वर अपग्रेड के दौरान नेटवर्क से जुड़ी एक पुरानी तकनीकी खामी सामने आई थी, जिसके कारण यह समस्या हुई.

हवाई यात्रा और बैंकिंग सेवाओं पर भी पड़ा असर

में FAA के नेटवर्क में आई खराबी ने हवाई यात्रा को बुरी तरह प्रभावित किया. शुक्रवार को देशभर में विमानों की उड़ान पर चार घंटे से ज्यादा समय तक रोक लगानी पड़ी. इसे पिछले 25 सालों का सबसे लंबा राष्ट्रीय स्तर का ग्राउंड स्टॉप बताया गया. इसके कुछ दिन बाद यूनाइटेड एयरलाइंस के सिस्टम में भी तकनीकी समस्या देखने को मिली, जिसके कारण कई प्लाइट प्रभावित हुई.

हाल ही में जेपी मॉर्गन चेस के कस्टमर्स को भी परेशानी का सामना करना पड़ा है. बैंक के इंटरनल हार्डवेयर सिस्टम में सॉफ्टवेयर बग के कारण लेनदेन में देरी हुई. वहीं मंगलवार को एप्पल की एप्पल म्यूजिक, ऐप स्टोर और एप्पल केयर जैसे सर्विस पर भी असर देखने को मिला.

AI से बढ़ रहे साइबर सुरक्षा के खतरे?

इन तकनीकि खामी के बीच आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है. एक्सपर्ट्स के अनुसार AI जहां सॉफ्टवेयर की खामियों को पहचानने में सहायता कर रहा है, वहीं इसका इस्तेमाल साइबर हमलों को ज्यादा असरदार बनाने के लिए भी किया जा रहा है.

हाल ही में AI की सहायता से PHP प्रोग्रामिंग भाषा में कई सिक्योरिटी खामियों का भी पता लगाया था. इसके बाद कंपनियों को जरूरी अपडेट जारी करने पड़े. इसी तरह साइबर सुरक्षा स्टार्टअप Calif ने AI की सहायता से Java में एक सॉफ्टवेयर बग को निकाला. इसके बाद Oracle ने सुरक्षा अपडेट जारी किया और अमेरिकी साइबर एजेंसियों ने संस्थानों को इसे इंस्टॉल करने की सलाह दी.

न्यूयॉर्क यूनिवर्सिटी के साइबर सिक्योरिटी एक्सपर्ट्स जस्टिन कैप्पोस के अनुसार, AI हमलावरों के लिए साइबर हमले करना आसान बना रहा है. लेकिन, बग को सही करने के मामले में यह अभी उतना असरदार नहीं है.

क्या आने वाले समय में बढ़ेंगी ऐसी घटनाएं?

एक्सपर्ट्स का मानना है कि AI का इस्तेमाल बढ़ने के साथ इस तरह की तकनीकी समस्याएं आने वाले समय में भी बढ़ सकती हैं. इसकी एक वजह यह है कि आज के कई डिजिटल सिस्टम बड़े स्तर पर AI सर्विस की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार नहीं किए गए थे. लेकिन, अमेरिकी सरकार और संबंधित कंपनियों ने इन घटनाओं के बीच किसी साइबर हमले या आपसी संबंध का सबूत होने से मना कर दिया है. अमेरिकी सीनेटर मार्क वार्नर ने भी इन घटनाओं को अलर्ट बताया है. उनका कहना है कि AI की रफ्तार के मुकाबले इसके प्रभावों को संभालने की तैयारी अभी पीछे है.