अगर आप रोजाना ऑफिस जाने या शहर में छोटेमोटे कामों के लिए इलेक्ट्रिक कार खरीदने की सोच रहे हैं, तो MG Comet EV की नई कीमतों के बारे में जरूर जान लें. कंपनी ने एक बार फिर अपनी इस छोटी इलेक्ट्रिक कार के दाम बदल दिए हैं. कुछ वेरिएंट अब 10,000 रुपये महंगे हो गए हैं, जबकि बैटरी किराये पर लेने वाले प्लान में कुछ मॉडल सस्ते हुए हैं. खास बात यह है कि इस साल दूसरी बार Comet EV की कीमत बढ़ाई गई है. इससे पहले भी कंपनी कुछ वेरिएंट के दाम 17,000 रुपये तक बढ़ा चुकी है.

MG Comet EV के कौन से वेरिएंट हुए महंगे?

MG ने Comet EV के Executive, Excite, Excite FC, Exclusive Dual Tone और Exclusive FC Dual Tone वेरिएंट की कीमतों में 10,000 रुपये की बढ़ोतरी की है. यहां FC का मतलब फास्ट चार्जिंग है.

हालांकि, BaaS यानी Battery as a Service प्लान में Exclusive Dual Tone और Exclusive FC Dual Tone की शुरुआती कीमत 10,000 रुपये कम हुई है. इस प्लान में ग्राहक कार खरीदते समय बैटरी की पूरी कीमत नहीं चुकाते. इसके बदले बैटरी इस्तेमाल करने पर 3.3 रुपये प्रति किलोमीटर का भुगतान करना होता है. अब बैटरी सहित की एक्सशोरूम कीमत 7.90 लाख से 10.17 लाख रुपये के बीच है. वहीं, BaaS प्लान में इसकी शुरुआती कीमत 4.99 लाख रुपये है और टॉप वेरिएंट 7.26 लाख रुपये तक जाता है.

छोटी कार में मिलते हैं कई शानदार फीचर्स

MG Comet EV चार लोगों के बैठने की जगह वाली छोटी इलेक्ट्रिक हैचबैक है. इसका छोटा साइज शहर की भीड़भाड़ वाली सड़कों पर चलाने और पार्क करने में काम आ सकता है.इसमें दो 10.25 इंच की स्क्रीन मिलती हैं. एक स्क्रीन पर स्पीड और बैटरी जैसी जानकारी दिखाई देती है, जबकि दूसरी का इस्तेमाल म्यूजिक और दूसरे फीचर्स के लिए होता है.इसके अलावा इलेक्ट्रिक साइड मिरर, एडजस्ट होने वाला स्टीयरिंग, मैन्युअल AC, पावर विंडो और चार स्पीकर वाला ऑडियो सिस्टम मिलता है. कार में रिवर्स कैमरा और मैन्युअल इनसाइड रियरव्यू मिरर भी दिया गया है.

सिंगल चार्ज पर कितने किलोमीटर चलेगी?

MG Comet EV में 17.3 kWh का बैटरी पैक मिलता है. इसकी इलेक्ट्रिक मोटर अगले पहियों को पावर देती है और 41 bhp की पावर के साथ 110 Nm का टॉर्क जनरेट करती है. कंपनी के मुताबिक, यह इलेक्ट्रिक कार एक बार फुल चार्ज होने पर 230 किलोमीटर तक चल सकती है. चार्जिंग के लिए इसमें 3.3 kW और 7 kW AC चार्जर का सपोर्ट मिलता है. हालांकि, इसमें DC फास्ट चार्जिंग की सुविधा नहीं दी गई है.

2027 में आ सकती है नई MG Windsor EV

MG आने वाले साल में अपनी Windsor EV का अपडेटेड मॉडल भी पेश कर सकती है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसका फेसलिफ्ट वर्जन 2027 में लॉन्च हो सकता है. नई Windsor EV में 61 kWh की बड़ी बैटरी मिलने की उम्मीद है. इससे कार की ड्राइविंग रेंज बढ़ सकती है, लेकिन कंपनी ने अभी कोई आधिकारिक आंकड़ा नहीं बताया है. फिलहाल Windsor EV में 38 kWh और 52.9 kWh के बैटरी पैक मिलते हैं. इसकी ARAIसर्टिफाइड रेंज 449 किलोमीटर तक है. नए मॉडल में बड़ी बैटरी के अलावा बाहर के डिजाइन, केबिन और फीचर्स में भी बदलाव देखने को मिल सकते हैं.