मध्य प्रदेश के मंडला लोकसभा क्षेत्र के विकास को लेकर शुरू हुई बयानबाजी अब सियासी टकराव में बदलती नजर आ रही है. मुख्यमंत्री कार्यालय में पदस्थ सीनियर अधिकारी लक्ष्मण सिंह मरकाम के निशाने पर आए बीजेपी सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने अब पलटवार किया है. डिंडोरी पहुंचे कुलस्ते से जब मीडिया ने मरकाम के बयान पर सवाल किया तो उनका गुस्सा फूट पड़ा. उन्होंने अधिकारी की कार्यशैली से लेकर उनकी राजनीतिक मंशा तक पर सवाल खड़े कर दिए.

कुलस्ते ने सवाल किया कि जब वे पिछली सरकार में मुख्यमंत्री के विशेष सहायक थे, तब लक्ष्मण सिंह मरकाम को मंडला, डिंडोरी और सिवनी के विकास की चिंता क्यों नहीं हुई? उन्होंने इस बयानबाजी की शिकायत मुख्यमंत्री से करने की बात कही. कुलस्ते ने दो टूक कहा कि सरकार को ऐसे नौकरशाहों की जरूरत नहीं है, जो राजनीतिक रोटियां सेंकने का प्रयास करें. इतना ही नहीं, उन्होंने इशारों में मरकाम की राजनीतिक महत्वाकांक्षा पर भी निशाना साधा और उनके बयानों को मंडला लोकसभा सीट से संभावित राजनीतिक दावेदारी से जोड़ने की कोशिश की.

मरकाम ने साधा था निशाना

दरअसल, एक दिन पहले ही मुख्यमंत्री कार्यालय में पदस्थ सीनियर अधिकारी लक्ष्मण सिंह मरकाम दो दिवसीय दौरे पर मंडला पहुंचे थे. प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने मंडला लोकसभा क्षेत्र के विकास को लेकर सवाल उठाए और बिना नाम लिए सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते पर निशाना साधा था.

कुलस्ते ने अपने पलटवार में प्रदेश सरकार को भी नहीं बख्शा और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन पर सवाल उठाए. मरकाम के बयान और कुलस्ते के तीखे जवाब के बाद अब यह विवाद राजनीतिक गलियारों से निकलकर प्रशासनिक हलकों में भी चर्चा का विषय बन गया है. देखना होगा कि इस बयानबाजी पर मुख्यमंत्री और सरकार की ओर से क्या प्रतिक्रिया सामने आती है.

3 बार के राज्यमंत्री हैं कुलस्ते

फग्गन सिंह कुलस्ते मंडला लोकसभा सीट से सात बार जीत दर्ज कर चुके हैं. वह केंद्रीय कैबिनेट में 3 बार राज्यमंत्री भी रह चुके हैं. चौथी बार जब मंत्रिमंडल में उन्हें जगह नहीं मिली, तब उन्होंने कहा था कि मुझे चौथी बार राज्यमंत्री बनने का ऑफर मिला था, लेकिन मैंने मना कर दिया. मैं कैबिनेट मंत्री बनना चाहता था.

डिंडौरी में जब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा लेकर पहुंचे थे, तब कुलस्ते ने कहा था कि उनकी यात्रा दिखावटी है और इन कार्यक्रमों से जनता का कोई भला नहीं होने वाला.