सिरमौर में दर्दनाक हादसा, खड्ड में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले से बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। नोहराधार क्षेत्र के देवामानल गांव में खड्ड में डूबने से दो सगे मासूम भाइयों की मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है, जबकि परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। आज दोनों भाइयों का अंतिम संस्कार किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, 8 वर्षीय आयन और उसका 9 वर्षीय बड़ा भाई अभिनव घर के पास बहने वाली खड्ड के किनारे खेल रहे थे। इसी दौरान संकरे रास्ते से गुजरते समय छोटे भाई आयन का संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी में जा गिरा।
छोटे भाई को डूबता देख अभिनव उसे बचाने के लिए तुरंत पानी में कूद पड़ा, लेकिन खड्ड में पानी ज्यादा गहरा होने के कारण दोनों भाई बाहर नहीं निकल पाए।
बच्चों की चीख-पुकार सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। पिता ने दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला और तुरंत 108 एंबुलेंस के जरिए नोहराधार अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया।
हादसे की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। गांव में हर तरफ शोक का माहौल है। सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को फौरी राहत के तौर पर 25-25 हजार रुपये की सहायता देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।