देहरा बस अड्डे पर 6 साल के बच्चे को अगवा करने की कोशिश, दो आरोपी गिरफ्तार
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के देहरा बस अड्डे पर एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां छह साल के बच्चे को कथित तौर पर अगवा करने और उसकी मां का बैग छीनने की कोशिश की गई। हालांकि बस चालक की सतर्कता और यात्रियों की मदद से दोनों आरोपियों को पकड़ लिया गया।
जानकारी के अनुसार, घटना गुरुवार शाम करीब सवा चार बजे की है। ज्वालामुखी की ओर से आई एक निजी बस में लगड़ू क्षेत्र की एक महिला अपने छह वर्षीय बेटे के साथ सफर कर रही थी। देहरा बस अड्डे पर बस रुकने के बाद महिला कुछ सामान लेने के लिए नीचे उतर गई, जबकि बच्चा बस की सीट पर बैठा रहा।
इसी दौरान बस चालक की नजर एक संदिग्ध युवक पर पड़ी, जो महिला का बैग उठाने के साथ-साथ बच्चे को अपने साथ ले जाने की कोशिश कर रहा था। चालक को शक हुआ तो उसने तुरंत शोर मचा दिया।
ड्राइवर की आवाज सुनते ही बस में बैठे यात्री सतर्क हो गए और आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी का दूसरा साथी बस के पिछले दरवाजे से भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर उसे आयुर्वेदिक अस्पताल के पास स्थित नाले के समीप पकड़ लिया।
इस दौरान गुस्साए लोगों ने मुख्य आरोपी की जमकर पिटाई भी कर दी। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
SHO देहरा अजय सिंह ने बताया कि महिला की ओर से बैग चोरी करने की शिकायत दी गई है। पुलिस ने हरियाणा के रोहतक निवासी वजीर कुमार और बंटी को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।