हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में ATM कार्ड बदलकर ठगी करने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। दो शातिर युवकों ने महिला को बातों में उलझाकर उसका ATM कार्ड बदल दिया और खाते से 40 हजार रुपए निकाल लिए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, मामला अम्ब-ऊना रोड स्थित एक ATM बूथ का है। अम्ब निवासी महिला पैसे निकालने के लिए ATM पहुंची थी। इसी दौरान दो युवक भी बूथ के अंदर आ गए। दोनों ऐसे व्यवहार कर रहे थे जैसे वे अपनी बारी का इंतजार कर रहे हों, लेकिन उनकी नजर महिला के ATM कार्ड और पिन नंबर पर थी।
बताया जा रहा है कि जब महिला पैसे निकाल रही थी, तब आरोपियों ने चोरी-छिपे उसका पिन नंबर देख लिया। इसके बाद उन्होंने महिला को बातचीत में उलझा दिया और मौका पाते ही हाथ की सफाई दिखाकर उसका असली ATM कार्ड बदल दिया। महिला को इसका अंदाजा तक नहीं हुआ।
कार्ड हाथ लगते ही दोनों युवक वहां से निकल गए और करीब 200 मीटर दूर स्थित दूसरे बैंक के ATM में पहुंच गए। वहां उन्होंने महिला के खाते से अलग-अलग ट्रांजैक्शन कर कुल 40 हजार रुपए निकाल लिए। हालांकि खाते की दैनिक निकासी सीमा पूरी होने के कारण बाकी रकम बच गई।
महिला को ठगी का पता तब चला जब उसके मोबाइल पर पैसे निकलने का मैसेज आया। पहले 10 हजार रुपए निकलने का अलर्ट आते ही वह घबरा गई। जब उसने कार्ड चेक किया तो उसे शक हुआ कि उसका ATM कार्ड बदल दिया गया है। इसके बाद वह तुरंत बैंक और ATM की ओर दौड़ी, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ATM बूथ और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। माना जा रहा है कि आरोपी पेशेवर ठग हो सकते हैं, जिन्होंने पहले भी इस तरह की वारदातों को अंजाम दिया हो।
DSP अनिल पटियाल ने बताया कि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि ATM इस्तेमाल करते समय सतर्क रहें और किसी भी अनजान व्यक्ति को अपने पास खड़ा न होने दें।