हिमाचली खबर: Aloe Vera Gel for Dark Circles: बढ़ता स्क्रीन टाइम, खराब लाइफस्टाइल और भागदौड़ भरी जिंदगी का असर सबसे पहले हमारी आंखों के आसपास की त्वचा पर दिखाई देता है। देर रात तक मोबाइल या लैपटॉप का इस्तेमाल, तनाव, समय पर नींद न लेना और खराब खानपान जैसी आदतों की वजह से आंखों के नीचे डार्क सर्कल्स या काले घेरे दिखाई देने लगते हैं। यह चेहरे की खूबसूरती को कम करने के साथसाथ व्यक्ति को थका हुआ और उम्र से ज्यादा बड़ा दिखा सकता है।

ऐसे में कुछ लोग महंगे ब्यूटी प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करते हैं तो वहीं कुछ लोग घरेलू तरीकों को प्रभावी मानते हैं। इन्हीं में से एक उपाय एलोवेरा जेल भी माना जाता है, जिसकी मदद से आंखों के डार्क सर्कल्स को कम किया जा सकता है। आंखों के आसपास की त्वचा बहुत नाजुक होती है, इसलिए इसकी खास देखभाल करना जरूरी है।
एलोवेरा जेल इस्तेमाल करने का तरीका
डार्क सर्कल्स को कम करने के लिए नियमित रूप से एलोवेरा जेल का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके लिए सबसे पहले चेहरे को पानी से अच्छी तरह साफ कर लें। इसके बाद फ्रेश एलोवेरा जेल की थोड़ी सी मात्रा उंगलियों पर लेकर आंखों के नीचे हल्के हाथों से लगाएं। इसे लगाते समय ध्यान रखें कि जेल आंखों के अंदर न जाए।
इस जेल को लगाने के बाद करीब 2 से 3 मिनट तक हल्के हाथों से मसाज करें। इसे आप रात के समय सोने से पहले लगाकर छोड़ सकते हैं। फिर सुबह पानी से चेहरा धो लें। नियमित रूप से इसका इस्तेमाल करने से आंखों के आसपास मौजूद डार्क सर्कल्स को कम करने में मदद मिल सकती है।
लगाने के अन्य तरीके
एलोवेरा जेल को गुलाब जल, विटामिन ई या खीरे के रस के साथ मिलाकर भी लगाया जा सकता है। इसके अलावा एलोवेरा जेल लगाने से पहले कुछ देर फ्रिज में रख दें। इससे स्किन को ठंडक पहुंचाने और डार्क सर्कल्स को कम करने में मदद मिल सकती है।
इन बातों का रखें ध्यान
सिर्फ एलोवेरा जेल के इस्तेमाल से डार्क सर्कल्स पूरी तरह खत्म नहीं हो सकते हैं। इसके लिए पर्याप्त नींद, शरीर को हाइड्रेट रखना, पोषण से भरपूर भोजन और कम स्क्रीन टाइम भी उतना ही जरूरी है। नियमित स्किन केयर और हेल्दी लाइफस्टाइल की मदद से आंखों के आसपास की त्वचा को स्वस्थ और फ्रेश बनाए रखने में मदद मिल सकती है। अगर आपको एलोवेरा जेल से एलर्जी है या कोई स्किन संबंधित परेशानी है तो इसका इस्तेमाल करने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लें।



