महाराष्ट्र में टीपू सुल्तान के नाम पर एक बार फिर सियासी घमासान शुरू हो गया है. इस बार विवाद की वजह बने हैं कांग्रेस विधायक और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री विलासराव देशमुख के बेटे अमित देशमुख.

लातूर में टीपू सुल्तान की जयंती के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में अमित देशमुख ने शिरकत की और टीपू सुल्तान की तस्वीर पर फूल चढ़ाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी. इसके बाद बीजेपी और एकनाथ शिंदे की शिवसेना ने कांग्रेस पर हमला बोल दिया है.

बीजेपी का आरोप है कि कांग्रेस मुस्लिम तुष्टिकरण की राजनीति कर रही है और टीपू सुल्तान का महिमामंडन कर रही है. वहीं शिंदे शिवसेना ने इसे हिंदू समाज और महाराष्ट्र के महापुरुषों का अपमान बताया है. दूसरी तरफ कांग्रेस, शरद पवार की एनसीपी और AIMIM ने टीपू सुल्तान का बचाव करते हुए बीजेपी पर हिंदूमुस्लिम की राजनीति करने का आरोप लगाया है.

कोई उन्हें अंग्रेजों से लड़ने वाला योद्धा बता रहा है, तो कोई शेरदिल और देशभक्त राजा. आखिर टीपू सुल्तान के नाम पर महाराष्ट्र की राजनीति में इतना विवाद क्यों है?

विवाद की शुरुआत कहां से हुई?

दरअसल, विवाद की शुरुआत लातूर में आयोजित टीपू सुल्तान जयंती समारोह से हुई. कांग्रेस विधायक अमित देशमुख इस कार्यक्रम में शामिल हुए. अमित देशमुख पूर्व मुख्यमंत्री विलासराव देशमुख के बेटे हैं.

कार्यक्रम में अमित देशमुख ने टीपू सुल्तान की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी. इस मौके पर सांसद डॉ. शिवाजी कालगे और अन्य स्थानीय नेता भी मौजूद थे.

कार्यक्रम में मुंबई के मशहूर कव्वाल अजीम नाजा ने कव्वाली पेश की. अमित देशमुख ने सोशल मीडिया पर कार्यक्रम की तस्वीरें साझा करते हुए इसे सामाजिक सद्भाव, आपसी प्रेम और भाईचारे का संदेश देने वाला आयोजन बताया.

लेकिन जैसे ही कार्यक्रम की तस्वीरें सामने आईं, महाराष्ट्र की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया.

बीजेपी का कांग्रेस पर हमला

अमित देशमुख के इस कार्यक्रम में शामिल होने पर बीजेपी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. बीजेपी नेता और महाराष्ट्र के कैबिनेट मंत्री नितेश राणे ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि टीपू सुल्तान, औरंगजेब और चंगेज खान हमारे आदर्श नहीं हो सकते.

नितेश राणे के मुताबिक, महाराष्ट्र और देश के असली आदर्श छत्रपति शिवाजी महाराज और झांसी की रानी जैसे वीर योद्धा हैं, जिन्होंने देश और समाज के लिए संघर्ष किया.

उन्होंने कांग्रेस पर मुस्लिम तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया और कहा कि लातूर की जनता कांग्रेस को इसका जवाब देगी.

संजय निरुपम का तीखा हमला

बीजेपी के बाद एकनाथ शिंदे की शिवसेना ने भी अमित देशमुख के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है.

शिवसेना नेता और पूर्व सांसद संजय निरुपम ने कांग्रेस पर हिंदू विरोधी राजनीति करने का आरोप लगाया. उनका कहना है कि जिन शासकों और आक्रांताओं पर हिंदुओं की हत्या और धार्मिक उत्पीड़न के आरोप रहे हैं, उनका महिमामंडन महाराष्ट्र में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

निरुपम ने कहा कि महाराष्ट्र की पहचान छत्रपति शिवाजी महाराज के विचारों और आदर्शों से है. ऐसे में अमित देशमुख को यह समझना चाहिए कि टीपू सुल्तान का महिमामंडन करने से समाज में गलत संदेश जाता है.

कांग्रेस का पलटवार

दूसरी तरफ कांग्रेस ने अमित देशमुख का बचाव किया है. कांग्रेस नेता हुसैन दलवाई ने बीजेपी पर पलटवार करते हुए कहा कि बीजेपी हर मुद्दे को हिंदूमुस्लिम के चश्मे से देखती है.

दलवाई के मुताबिक, टीपू सुल्तान ने अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई लड़ी थी. उन्होंने अपने शासनकाल में कई हिंदू मंदिरों को भी सहायता दी थी. ऐसे में उनकी जयंती मनाने या उन्हें ऐतिहासिक शासक के तौर पर याद करने में कोई बुराई नहीं है.

कांग्रेस का कहना है कि इतिहास को राजनीतिक चश्मे से देखने के बजाय उसके सभी पहलुओं को समझना चाहिए.

AIMIM ने भी किया टीपू सुल्तान का बचाव

इस विवाद में AIMIM भी खुलकर सामने आ गई है. AIMIM नेता और एडवोकेट जहांआरा शेख ने टीपू सुल्तान का समर्थन करते हुए कहा कि बीजेपी और शिंदे शिवसेना के नेताओं को पहले इतिहास पढ़ना चाहिए.

जहांआरा शेख के मुताबिक, टीपू सुल्तान ने अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष किया था और वह एक बहादुर तथा नेकदिल शासक थे. उनकी जयंती मनाने में कुछ भी गलत नहीं है.

उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी जनता के असली मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए बारबार हिंदूमुस्लिम विवाद खड़ा करती है.

आखिर टीपू सुल्तान कौन थे, जिनके नाम पर विवाद है?

दरअसल, टीपू सुल्तान का पूरा नाम फतेह अली साहब टीपू था. उनका जन्म 10 नवंबर 1750 को हुआ था. वह दक्षिण भारत की मैसूर रियासत के शासक थे. 1782 में अपने पिता हैदर अली के निधन के बाद उन्होंने मैसूर की सत्ता संभाली और 1799 तक शासन किया.

टीपू सुल्तान को इतिहास में ‘टाइगर ऑफ मैसूर’ यानी ‘मैसूर का शेर’ कहा जाता है. उन्होंने ब्रिटिश ईस्ट इंडिया कंपनी के खिलाफ चार एंग्लोमैसूर युद्धों के दौर में संघर्ष किया. 4 मई 1799 को चौथे एंग्लोमैसूर युद्ध के दौरान श्रीरंगपट्टनम में उनकी मौत हुई.

इतिहास में उन्हें अंग्रेजों के खिलाफ लड़ने वाले शक्तिशाली शासक और सैन्य तकनीक में नए प्रयोग करने वाले राजा के तौर पर भी याद किया जाता है. उनके शासनकाल में रॉकेट तकनीक का सैन्य इस्तेमाल भी हुआ.

लेकिन टीपू सुल्तान का इतिहास केवल अंग्रेजों के खिलाफ युद्ध तक सीमित नहीं है. उनके शासनकाल में कुछ क्षेत्रों में जबरन धर्मांतरण, धार्मिक उत्पीड़न और मंदिरों पर हमलों के आरोप भी इतिहासकारों के अध्ययन का हिस्सा रहे हैं. दूसरी तरफ श्रीरंगपट्टनम के रंगनाथस्वामी मंदिर और श्रृंगेरी मठ सहित कुछ हिंदू धार्मिक संस्थानों को उनके संरक्षण और सहायता के ऐतिहासिक दस्तावेज भी मौजूद हैं.

यही वजह है कि इतिहासकारों के बीच भी टीपू सुल्तान की विरासत को लेकर अलगअलग व्याख्याएं देखने को मिलती हैं. कोई उन्हें अंग्रेजों के खिलाफ लड़ने वाला योद्धा मानता है, तो कोई उनके शासन की धार्मिक नीतियों और सैन्य अभियानों पर सवाल उठाता है.

महाराष्ट्र में पहले भी हो चुका है विवाद

महाराष्ट्र में टीपू सुल्तान को लेकर यह पहला राजनीतिक विवाद नहीं है. इससे पहले मालेगांव महानगरपालिका में डिप्टी मेयर के कार्यालय में टीपू सुल्तान की तस्वीर लगाए जाने को लेकर भी बड़ा विवाद हुआ था.

इस मामले में बीजेपी और शिवसेना ने विरोध जताया था. संजय निरुपम समेत कई नेताओं ने सरकारी कार्यालय में टीपू सुल्तान की तस्वीर लगाने पर सवाल उठाए थे. विरोध के बाद प्रशासन ने तस्वीर हटा दी थी.

वहीं फरवरी 2026 में टीपू सुल्तान को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल के बयान और ऐतिहासिक तुलना पर भी महाराष्ट्र की राजनीति में विवाद देखने को मिला था. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस समेत बीजेपी के कई नेताओं ने कांग्रेस पर निशाना साधा था.

अब लातूर में अमित देशमुख के जयंती समारोह में शामिल होने के बाद एक बार फिर वही राजनीतिक बहस तेज हो गई है

कुल मिलाकर महाराष्ट्र में टीपू सुल्तान का इतिहास अब एक बार फिर राजनीतिक अखाड़ा बन गया है. बीजेपी और शिंदे शिवसेना इसे हिंदुत्व, महाराष्ट्र के स्वाभिमान और महापुरुषों के सम्मान से जोड़ रही हैं, तो कांग्रेस, एनसीपी और AIMIM इसे इतिहास, अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष और सामाजिक सद्भाव का मुद्दा बता रही हैं.