Karnataka News: कर्नाटक के मंगलुरु से एक गंभीर और संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां एक चर्च के पादरी साइप्रियन पिंटो को नाबालिग लड़के के यौन उत्पीड़न के आरोप में पुलिस ने दूसरी बार गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी पादरी को अदालत में पेश किए जाने के बाद 2 दिसंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. इससे पहले भी उन्हें संबंधित मामले में गिरफ्तार किया गया था, लेकिन बाद में जमानत पर रिहा कर दिया गया था.

13 मई 2026 को दर्ज हुई थी शिकायत: जानकारी के अनुसार, परमानूर गांव स्थित सेंट सेबेस्टियन चर्च के पादरी साइप्रियन पिंटो पर 13 वर्षीय नाबालिग लड़के के साथ यौन उत्पीड़न और दुर्व्यवहार के आरोप लगे थे. इस संबंध में 13 मई 2026 को शिकायत दर्ज की गई थी.

दर्ज हुई थी एफआईआर

मंगलौर महिला पुलिस स्टेशन में संबंधित कानूनी प्रावधानों और पॉक्सो अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था. मंगलौर पुलिस आयुक्त ने प्रकरण की जांच केंद्रीय प्रभाग के एसीपी को सौंपी थी. अब इसी मामले में पादरी को दोबारा गिरफ्तार किया गया है.

पहले भी हो चुकी थी गिरफ्तारी, 2 दिसंबर तक न्यायिक हिरासत

साइप्रियन पिंटो के खिलाफ 15 अक्टूबर को मैंगलोर साउथ पुलिस स्टेशन में भी वैलेंसिया चर्च से जुड़े एक मामले में पॉक्सो के तहत केस दर्ज किया गया था, जिसमें गिरफ्तारी के बाद उन्हें जमानत मिल गई थी. अब ताजा गिरफ्तारी के बाद आरोपी पादरी को 2 दिसंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. वहीं, मैसूर स्थित ओडनाडी संगठन भी इस प्रकरण को लेकर सक्रिय रूप से अभियान चला रहा है.