पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर टीवी9 के सत्ता सम्मेलन में भारतीय जनता पार्टी के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय सांपला ने अकाली दल से गठबंधन पर फिलहाल इनकार कर दिया है. उनका कहना है कि हम सभी 117 सीटों पर तैयारी कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि बीजेपी इस वक्त पूरी मजबूती के साथ चुनाव के लिए उतर रही है… बाकी पार्टियां टूट रही हैं लेकिन बीजेपी का ग्राफ बढ़ रहा है… लोगों में आशा की किरण भी जाग रही है… आप देखेंगे पंजाब में हर रोज कहीं ना कहीं चारपांच ऐसी मीटिंग होती है, जहां भाजपा में लोग जुड़ रहे हैं.

अकाली दल के साथ गठबंधन के सवाल पर बीजेपी नेता विजय सांपला का कहना है कि हम 117 सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं… हमने तो कभी गठबंधन की बात नहीं कही… 2022 में हमने 117 सीटों पर चुनाव लड़ा था.. इस बार भी हम सभी 117 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे… मैंने पहले बता दिया कि आज की डेट में कांग्रेस से लोग टूट कर आ रहे… आम आदमी पार्टी से टूट कर आ रहे हैं… गांव में जहां कभी हमारे लिए बहुत सारी बाधाएं रहती थी… आज गांव के लोग भी हमारा स्वागत करने के लिए बैठे हैं और उनको भी आस है कि अगर हरियाणा में फसलों पर MSP मिल रहा है तो पंजाब में भी मिलेगा.
गठबंधन पर हाईकमान करेगा फैसला
हालांकि, विजय सांपला ने कहा, ‘अकाली के साथ गठबंधन होगा या नहीं… इसके लिए मैं अधिकृत भी नहीं हूं… हाईकमान जो कहेगा वो होगा… यहां न गठबंधन का विरोध है और न ही इसकी चर्चा हुई है… हम पार्टी के अनुशासित कार्यकर्ता हैं.’ वहीं बीजेपी की ओर से सीएम फेस के सवाल पर विजय सांपला ने कहा, ‘हमारा सीएम फेस कमल का निशान है.. हमने कई प्रदेशों में बिना सीएम फेस के चुनाव लड़े और जीते हैं.. यही फॉर्मूला पंजाब में अपनाया जाएगा… हमने अभी बंगाल का चुनाव लड़ा.. वहां भी हमने सीएम का चेहरा बाद में अनाउंस किया है.’
‘अमरिंदर सिंह हमारे बड़े और सम्मानीय नेता’
पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के कांग्रेस में वापस जाने के सवाल पर विजय सांपला ने कहा, ‘कैप्टन साहब हमारे सम्माननीय नेता हैं… उनका विश्वास पूरी तरह से भाजपा में है… वो चुनाव प्रचार करेंगे.. उनका पूरा परिवार बीजेपी के साथ लगा हुआ है… उनकी पत्नी और बेटी पार्टी के साथ हैं.. वो भी अपना दायित्व निभा रहे हैं… वो भाजपा के एक बहुत बड़े नेता हैं और हमारे सम्माननीय नेता हैं.’
‘तीन महीने में पंजाब को नशामुक्त कर देंगे’
AAP नेताओं की ओर से चिट्टा कारोबार को लेकर बीजेपी पर लगाए गए आरोपों पर विजय सांपला ने कहा, ‘अगर यह कहें कि गुजरात से ड्रग्स आ रहा है तो यहां पंजाब पुलिस क्या झक मार रही है? वो क्या कर रही है? पंजाब पुलिस के ऑफिसर कह रहे हैं कि पंजाब पुलिस के लोग यूनिफॉर्म पहन के बाहर ना जाएं तो क्या मतलब है इसका? इसका मतलब ये है कि भगवंत मान की पुलिस नकारा है… गलियों में बोर्ड लगे हुए हैं कि चिट्टा इधर मिलता है… खेतों में बोर्ड लगे हुए हैं.. दुनिया का ऐसा कोई शहर नहीं है जहां पर नशा नहीं है… मगर पंजाब में इंतहा है और हम तीन महीने में नशा खत्म कर देंगे.



