क्या आपके साथ भी कभी ऐसा हुआ है कि आप मोबाइल फोन पर कोई रील्स देख रहे हों और सोचें कि काश आपके आसपास के लोग भी इसे देखकर आपके साथ हंस पाते? अगर हां, तो अब भारत में Instagram इसके लिए नए फीचर की शुरुआत करने जा रहा है. अब आपको मजेदार रील्स देखने के लिए किसी को फोन देने की जरूरत नहीं होगी. Meta भारत में Instagram for TV फीचर लॉन्च करने की तैयारी में है. इस फीचर की सहायता से यूजर्स अपने टीवी पर ही Instagram Reels का मजा ले सकेंगे. मेटा का कहना है कि इस फीचर का मकसद लोगों को मोबाइल की छोटी स्क्रीन से निकालकर एक साथ बड़ी स्क्रीन पर वीडियो देखने का एक्सपीरियंस देना है.

Meta ने 27 नवंबर को मुंबई में आयोजित अपने सालाना क्रिएटर इवेंट House of Instagram के दौरान इस नए फीचर को लेकर जानकारी दी. Instagram for TV फीचर की सहायता से यूजर्स अपने पसंदीदा क्रिएटर्स के वीडियो देख सकेंगे. इसके साथ ही रील्स और Stories भी टीवी पर देखी जा सकेंगी. यानी अब घर के सभी लोग एक साथ बैठकर अपनी पसंद के वीडियो का मजा ले सकेंगे.
भारत में कब आएगा Instagram for TV?
ऐसे में लोगों के मन में अब यह सवाल आ रहा होगा कि आखिर यह फीचर भारत में कब से रोलआउट होगा? मेटा का कहना है कि Instagram for TV आने वाले कुछ दिनों में भारत में उपलब्ध हो जाएगा. यह फीचर Apple TV, Amazon Fire TV और Google TV जैसे सपोर्टेड डिवाइस पर काम करेगा. यूजर्स अपने टीवी पर Instagram ऐप इंस्टॉल करके अकाउंट से लॉगिन कर पाएंगे.
इसमें एक साथ 5 Instagram अकाउंट ऐड किए जा सकेंगे. इससे घर के अलगअलग सदस्य अपने पसंदीदा कंटेंट बड़ी स्क्रीन पर देख सकेंगे. अगर कोई यूजर अपने पर्सनल Instagram अकाउंट का इस्तेमाल टीवी पर नहीं करना चाहता, तो वह सिर्फ टीवी पर वीडियो देखने के लिए अलग अकाउंट भी बना सकता है.
रिमोट से बदल सकेंगे वीडियो
टीवी पर Instagram चलाने का तरीका मोबाइल से थोड़ा अलग हो सकता है. यहां Reels अपने आप एक के बाद एक चलती रहेंगी. यूजर्स को हर वीडियो के लिए बारबार स्क्रॉल करने की बिल्कुल भी जरूरत नहीं होगी. टीवी के रिमोट से वीडियो देखे और बदले जा सकेंगे.
इसमें अलगअलग चैनल भी देने की तैयारी कर रहा है. इन चैनल पर यूजर्स की पसंद, लोकप्रिय वीडियो और उनके फॉलो किए जाने वाले अकाउंट के आधार पर Reels दिखाई जाएंगी. इसके साथ ही क्रिएटर्स की प्रोफाइल, Stories, फोटो और कैरोसेल पोस्ट भी देख सकेंगे. टीवी पर हॉरिजॉन्टल फॉर्मेट वाली Reels का भी सपोर्ट मिलेगा.
फोन से भी कर पाएंगे कास्ट
अगर कोई वीडियो फोन पर पसंद आता है, तो उस वीडियो को भी आप टीवी पर चला सकते हैं. इसके लिए फोन और टीवी का एक ही WiFi नेटवर् से कनेक्ट होना चाहिए. इसके बाद Instagram पर कास्ट ऑप्शन सेलेक्ट करके वीडियो टीवी पर भेजा जा सकेगा. लेकिन यह सुविधा डिवाइस के हिसाब से अलग हो सकती है.
बच्चों की सुरक्षा का भी रखा गया ध्यान
मेटा ने Instagram for TV में बच्चों की सेफ्टी के लिए भी कुछ खास इंतजाम किए गए हैं. टीवी पर दिखाई जाने वाली Reels के लिए कंपनी का 13+ Content Ratings सिस्टम लागू होगा. इसके साथ ही Teen Accounts के लिए पहले से मौजूद सेफ्टी नियम भी टीवी पर लागू रहेंगे. खास बात यह है कि टीवी पर Instagram देखने का समय भी बच्चों की कुल स्क्रीन टाइम लिमिट में जोड़ा जाएगा. लिमिट पूरी होने या उसके करीब पहुंचने पर उन्हें रिमाइंडर भी मिलेंगे.



