UP Crime News: बहराइच में कानून व्यवस्था को चुनौती देने का मामला सामने आया है. यहां सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले एक सबइंस्पेक्टर पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया. पुलिस ने इस मामले में तीन महिलाओं समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस ने चारों आरोपियों की गिरफ्तारी भी कर ली है. आरोपियों में महिलाओं के साथ एक पुरुष शामिल है. गिरफ्तार आरोपियों का नाम राधेश्याम, सुनीता, मनीषा और ज्योति है.

जानकारी के अनुसार, सबइंस्पेक्टर संजीत कुमार सिंह ने आपस में विवाद कर रहे लोगों से पूछताछ की थी. इसी बात से लोग नाराज हो गए और सबइंस्पेक्टर पर हमला कर दिया. घटना में सबइंस्पेक्टर घायल हो गए. ये पूरा मामला बहराइच जनपद के मोतीपुर थाना क्षेत्र का बताया जा रह है. यहां शनिवार सुबह सबइंस्पेक्टर संजीत कुमार सिंह सादे कपड़ों में मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे. इसी दौरान मोतीपुर सिंचाई कॉलोनी के पास कुछ लोग आपस में विवाद कर रहे थे.
पुलिस ने मामले में की कार्रवाई
सबइंस्पेक्टर ने मौके पर पहुंचकर विवाद कर रहे लोगों से पूछताछ की. आरोप है कि पूछताछ से नाराज लोगों ने सबइंस्पेक्टर पर हमला करते हुए उनके साथ मारपीट शुरू कर दी, जिसमें वह घायल हो गए. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया. सबइंस्पेक्टर संजीत कुमार सिंह की तहरीर पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन महिलाओं और एक पुरुष समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया. फिर चारों आरोपियों को गिरफ्त में ले लिया गया.
थानाध्यक्ष ब्रह्मा गौड़ ने क्या बताया?
थानाध्यक्ष ब्रह्मा गौड़ के मुताबिक, सबइंस्पेक्टर की तहरीर पर राधेश्याम, सुनीता, मनीषा और ज्योति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. आरोपियों की गिरफ्तारी भी कर ली गई है. ये सभी आरोपी सिंचाई नहर कॉलोनी के रहने वाले हैं. ब्रह्मा गोंड ने बताया कि सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा. वहीं इस घटना ने एक बार फिर पुलिसकर्मियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.
बहराइच से अनिल तिवारी की रिपोर्ट



