अमरनाथ यात्रा मार्ग को चौड़ा करने और शेषनाग झील के पास पहाड़ी की खुदाई को लेकर विवाद पैदा हो गया है. विपक्ष की आलोचना के बाद बीजेपी ने पलटवार किया है. बीजेपी के पूर्व एमएलसी और प्रवक्ता गिरधारी लाल रैना ने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दल पर्यावरण के मुद्दे को सांप्रदायिक रंग देकर कश्मीर में माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं. बता दें कि अमरनाथ गुफा मंदिर के पास भारी मशीनरी का इस्तेमाल करके सड़क बनाने को लेकर विपक्ष आलोचना कर रहा है.

विपक्ष ने इसे “हिंदू आस्था का अपमान” और गुफा मंदिर के रास्ते में ग्लेशियर झीलों और नाजुक पहाड़ों के लिए खतरा बताया है. हालांकि बॉर्डर रोड्स ऑर्गनाइजेशन के अधिकारियों ने दावा किया कि कंस्ट्रक्शन का काम “तय नियमों, पर्यावरण सुरक्षा उपायों और बड़े जनहित” के हिसाब से किया जा रहा है.

के पास सड़क बनाने के लिए बुलडोजर से मिट्टी और पत्थर हटाने वाले वीडियो सोशल मीडिया पर खूब शेयर किए जा रहे हैं. शेषनाग झील पर JCB एक्सकेवेटर के इस्तेमाल की आलोचना की जा रही है. नेताओं और पर्यावरण एक्टिविस्ट ने भारी मशीनरी के इस्तेमाल पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है और कंस्ट्रक्शन को तुरंत रोकने की मांग की है.

पर्यावरण के नाम पर सांप्रदायिक राजनीति बर्दाश्त नहीं: रैना

वहीं, बीजेपी नेता गिरधारी लाल रैना ने कहा कि अमरनाथ यात्रा के मौजूदा रास्ते को चौड़ा करने का काम श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए किया जा रहा है. BRO ने भी स्पष्ट किया है कि चंदनवाड़ीअमरनाथ मार्ग के कमजोर हिस्सों को मजबूत करने और रास्ते को बेहतर बनाने का काम किया जा रहा है. साथ ही पर्यावरण से जुड़े नियमों का पालन किया जा रहा है.

रैना ने विपक्षी दलों से सवाल किया कि अगर उन्हें पर्यावरण की इतनी चिंता है तो मुगल रोड, बिजली परियोजनाओं और फ्लड चैनल के आसपास पेड़ों की कटाई और निर्माण कार्यों पर भी वैसा ही विरोध क्यों नहीं दिखाई देता?

उन्होंने कहा कि मुगल रोड के निर्माण से वन्यजीवों और खासकर दुर्लभ मार्कहोर प्रजाति के प्राकृतिक ठिकानों पर असर पड़ने की बातें सामने आई हैं, लेकिन उस समय ऐसे सवाल नहीं उठाए गए.

सड़क चौड़ीकरण पर विपक्ष ने उठाए सवाल

बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि पर्यावरण की सुरक्षा जरूरी है और किसी भी तरह के उल्लंघन की जांच होनी चाहिए, लेकिन पर्यावरण को राजनीतिक हथियार बनाकर अमरनाथ यात्रा को निशाना बनाना गलत है. उन्होंने राजनीतिक दलों से सांप्रदायिक माहौल बनाने से बचने और विकास के मुद्दों पर जिम्मेदारी से राजनीति करने की अपील की.

बता दें कि महबूबा मुफ्ती की पीपल्स डेमोक्रेटिक पार्टी के कश्मीरी पंडित नेता मोहित भान ने इसे “हिंदू धर्म और प्रकृति में आस्था के खिलाफ जुर्म” बताया है. उन्होंने कहा कि आस्था और इकोलॉजी दोनों को सुरक्षा की जरूरत है और “आप किसी तीर्थयात्रा की पवित्रता का जश्न मनाकर उस जगह की पवित्रता को नजरअंदाज नहीं कर सकते जहां से वह गुजरती है.”