उत्तराखंड में महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए धामी सरकार नई योजना लेकर आई है. इसके तहत पात्र महिलाओं को 10 हजार रुपये की शुरुआती प्रोत्साहन राशि दी जाएगी. सरकार पहली किस्त महिलाओं के खातों में ट्रांसफर करने की तैयारी में है. चुनाव से पहले उत्तराखंड में महिला वोट बैंक पर बीजेपी का इसे बड़ा दांव माना जा रहा है.

लेकिन योजना के ऐलान के साथ ही सियासत भी तेज हो गई है. कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने इस योजना को आगामी विधानसभा चुनाव में गेम चेंजर बताया है. मंत्री के इस बयान के बाद कांग्रेस ने सरकार की मंशा पर सवाल खड़े किए हैं.
विपक्ष ने उठाए टाइमिंग पर सवाल
विपक्ष का आरोप है कि चुनाव नजदीक आते ही सरकार को महिलाओं की याद आई है. ऐसे में महिला सशक्तिकरण के लिए लाई गई योजना अब सियासी बहस के केंद्र में है.
उत्तराखंड सरकार की इस स्कीम का नाम भैणीभुली योजना है. भैणी यानी बड़ी बहन और भुली यानी छोटी बहन. उत्तराखंड की स्थानीय बोली से जुड़े इस नाम के जरिए सरकार ने योजना को महिलाओं से जोड़ने की कोशिश की है.
योजना को धरातल पर उतारने की तैयारी
योजना का मकसद स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को आर्थिक मदद देना और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के साथ ही स्थानीय उत्पादों के कारोबार को मजबूत करना है. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली जिले के पीपलकोटी में आयोजित मातृशक्ति सम्मेलन के दौरान इस योजना की घोषणा की थी.
मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद अब योजना को धरातल पर उतारने की तैयारी तेज हो गई है. कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी के मुताबिक, प्रदेश में करीब साढ़े पांच लाख महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी हैं. इनमें से लगभग सवा तीन लाख महिलाओं को लखपति दीदी बनाया जा चुका है.
इसी महीने जारी होगी पहली किस्त
बाकी महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए भैणीभुली योजना के तहत 10 हजार रुपये की शुरुआती प्रोत्साहन राशि दी जाएगी. सरकार का लक्ष्य है कि इसी महीने योजना की पहली किस्त महिलाओं के खातों तक पहुंच जाए.
योजना को लेकर जानकारी देते हुए कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने ऐसा बयान दिया, जिसने योजना को राजनीतिक बहस के केंद्र में उलझा दिया है. मंत्री ने भैणीभुली योजना को आगामी विधानसभा चुनाव में गेम चेंजर बताते हुए दावा किया कि इसका चुनाव पर बड़ा असर देखने को मिलेगा.
मंत्री के बयान पर हुआ विवाद
दरअसल, योजना की घोषणा के बाद से ही विपक्ष इसकी टाइमिंग को लेकर सवाल उठा रहा था. अब मंत्री के चुनाव में गेम चेंजर वाले बयान ने कांग्रेस को सरकार पर हमला करने का नया मौका दे दिया है.
कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने सवाल उठाया कि महिलाओं के लिए यह योजना पहले क्यों नहीं लाई गई. कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा सरकार धनबल के जरिए चुनावी फायदा लेने की कोशिश कर रही है.
कांग्रेस ने साधा निशाना
प्रीतम सिंह ने कहा कि चुनाव से पहले महिलाओं के खातों में पहली किस्त डालने की बात हो रही है. लेकिन दूसरी किस्त देने की नौबत ही नहीं आएगी, क्योंकि भाजपा प्रदेश में दोबारा सरकार नहीं बना पाएगी.
भैणीभुली योजना के जरिए धामी सरकार महिलाओं को आर्थिक सहायता देकर आत्मनिर्भर बनाने का संदेश दे रही है. सरकार इसे महिला सशक्तिकरण और स्वरोजगार की दिशा में बड़ा कदम बता रही है.
हालांकि योजना के ऐलान का समय और कैबिनेट मंत्री का इसे चुनाव में गेम चेंजर बताने वाला बयान अब इस पहल को सियासी बहस में ले आया है. ऐसे में सवाल यही है कि भैणीभुली योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की नई पहल साबित होगी या फिर चुनावी राजनीति का बड़ा दांव ये तो आने वाला समय बताएगा.



