Rajasthan Road Accident: राजस्थान में खैरथलतिजारा जिले में 28 वर्षीय योगेश कुमार लवानिया की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई. योगेश अलवर में लेबर इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत थे. वर्ष 2021 की RAS भर्ती में उनका चयन हुआ था. कुछ ही महिनों में उनकी शादी होने वाली थी. उनकी बहन की पंचायत चुनाव में शानदार जीत हुई थी. उनकी शादी तैयारियां चल रही थीं. इसी बीच योगेस की असमय मौत से उनके परिवार, रिश्तेदारों और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई है.

जानकारी के अनुसार, योगेश कुमार लवानिया मूल रूप से ककराली गांव के रहने वाले थे. उन्होंने किशनगढ़बास में अपना मकान बना रखा था. वह रोजाना शाम करीब 6 बजे किशनगढ़बास से अपने गांव ककराली स्थित मंदिर में भगवान के दर्शन करने जाते थे. सोमवार को भी वह रोजाना की तरह मंदिर में दर्शन करने के लिए निकले थे. इसी दौरान गोठड़ा के पास धौला कुआं स्टैंड पर पिकअप और टेंपो की आमनेसामने भिड़ंत हो गई.
पिकअप के नीचे दब गए योगेश
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, योगेश पिकअप के पीछे चल रहे थे. अचानक ब्रेक लगने से वह पिकअप की चपेट में आकर उसके नीचे दब गए. पिकअप को पलटकर उन्हें बाहर निकाला गया. हादसे के बाद परिजन और स्थानीय लोग योगेश को स्कॉर्पियो से किशनगढ़बास अस्पताल लेकर पहुंचे. वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें अलवर रेफर कर दिया. परिजन उन्हें अलवर के सोलंकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां कुछ देर बाद अस्पताल स्टाफ ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
योगेश के परिवार में पिछले दिनों खुशियों का माहौल था. 5 नवंबर को हुए सरपंच चुनाव में उनकी बहन ने तिजारा पंचायत समिति की ग्राम पंचायत ढाकी से 761 वोटों के अंतर से शानदार जीत दर्ज की थी. परिवार इस जीत का जश्न मना रहा था. वहीं योगेश की सगाई करीब दो महीने पहले राजगढ़ में हुई थी और उनकी शादी 12 फरवरी 2027 को तय थी.परिवार में शादी की तैयारियों को लेकर उत्साह था, लेकिन एक सड़क हादसे ने सारी खुशियां छीन लीं.
योगेश मिलनसार स्वभाव के थे
योगेश के पिता कालूराम लवानिया सरकारी सेकंड ग्रेड शिक्षक हैं. उनकी ड्यूटी गांव ककराली के पास स्थित ग्राम माछरोली में है. योगेश पांच भाईबहनों में तीसरे नंबर पर थे. परिवार में तीन बहनें और दो भाई हैं. वह दोनों भाइयों में बड़े थे. उनके साथी और परिजनों के अनुसार, योगेश मिलनसार स्वभाव के होने के साथ धार्मिक प्रवृत्ति के थे. नियमित रूप से मंदिर में दर्शन करना उनकी दिनचर्या का हिस्सा था.
जिस युवक ने अपनी मेहनत से RAS भर्ती में चयन हासिल कर परिवार का नाम रोशन किया, जिसके घर में बहन की चुनावी जीत की खुशियां थीं और जिसकी शादी की तारीख तय हो चुकी थी, वह अब इस दुनिया में नहीं रहा. 12 फरवरी को जिस घर में दूल्हे के रूप में योगेश की अगवानी होनी थी, वहां उनकी अंतिम विदाई की तैयारी का दर्दनाक मंजर देखने को मिला.
सुंदर लाल सिरोलिया की रिपोर्ट



