दूध के मामले में हरियाणा की मुर्राह नस्ल का तो वैसे भी कोई जवाब नहीं है. इस नस्ल की भैंसे रिकॉर्ड पर रिकॉर्ड बना रही हैं. अब यहां हांसी क्षेत्र के गांव मिर्चपुर के रहने वाले पशुपालक नवदीप की भैंस दुर्गा ने 41 किलो दूध देकर नया रिकॉर्ड बनाया है. इससे पहले सिंघवा खास के किसान ईश्वर सिंघवा की भैंस राधा ने 35 किलो 669 ग्राम दूध के साथ रिकॉर्ड बनाया था. दुर्गा के इस दुग्ध उत्पादन रिकॉर्ड पर हरियाणा सरकार के पशुपालन एवं डेयरी विभाग में जश्न का माहौल है.

विभागीय अधिकारियों के मुताबिक हरियाणा सरकार की स्वदेशी गाय के संरक्षण एवं विकास तथा मुर्राह विकास योजना के तहत आयोजित दुग्ध रिकार्डिंग प्रक्रिया के दौरान यह रिकॉर्ड दर्ज किया गया है. दुग्ध रिकॉर्डिंग की पूरी प्रक्रिया अधिकारियों एवं विशेषज्ञों की देखरेख में हुई. पशुपालक नवदीप के मुताबिक दुर्गा उनके घर में तीसरी पीढ़ी की पालतू भैंस है. उन्होंने बताया कि इस भैंस का नामकरण उनकी बेटी ज्योति ने किया था.

ऐसे बना रिकॉर्ड

उन्होंने बताया कि रिकॉर्ड बनाने से पहले पूरी तैयारी की गई थी. इसके लिए भैंस दुर्गा संतुलित एवं गुणवत्तापूर्ण आहार की व्यवस्था की गई. उसके उचित प्रजनन प्रबंधन, नियमित स्वास्थ्य देखभाल तथा पशु चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया. दुर्गा को रोजाना के खुराक में खल, बिनोला, चना, मेथी, सोयाबीन, गेहूं का दलिया, चने की चुरी, हरा चारा के अलावा करीब 15 किलो दाना दिया गया. उसके बैठने के लिए स्पेशल गद्दे लगाए गए. रोजाना सरसों के तेल से मालिश की गई.

40 लाख तक लगी कीमत

नवदीप के मुताबिक पिछले दिनों दुर्गा की कीमत रोहतक के एक व्यापारी ने लगाई थी. उसने 40 लाख रुपए कीमत लगाई थी, लेकिन उन्होंने इसे बेचने से साफ मना कर दिया. उन्होंने बताया कि दुर्गा के कटडे की कीमत भी 7 लाख रुपये से अधिक लग चुकी है, लेकिन इसे भी उन्होंने बेचने से मना कर दिया है. उन्होंने बताया कि दुर्गा की अगली पीढ़ी भी उनके घर में पलेगी.