Basti SP Leader Attack: यूपी के बस्ती में आपसी रंजिश और वर्चस्व को लेकर विवाद अब खूनी संघर्ष का रूप लेने लगे हैं. ताजा मामला नगर थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां बाइक से घर लौट रहे दो लोगों पर घात लगाकर बैठे हमलावरों ने जानलेवा हमला कर दिया. आरोप है कि पहले एक व्यक्ति के सिर पर लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ वार किया गया और फिर दूसरे हमले में कुल्हाड़ी का इस्तेमाल किया गया. अचानक हुए हमले से दोनों लोग संभल नहीं पाए और लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े.

वारदात के बाद हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए. घटना के बाद इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है. मामला बस्ती जिले के नगर थाना क्षेत्र के गोयरी गांव और ग्राम पंचायत अठदमा के राजस्व गांव जसईपुर से जुड़ा है. पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक, 9 नवंबर 2026 को गोयरी गांव निवासी और सपा नेता श्याम नारायण शुक्ल गांव के ही ओमप्रकाश पाठक के घर आयोजित निमंत्रण में शामिल होने गए थे.

शिकायत में लगाया गया ये आरोप

शाम करीब साढ़े सात बजे वह अपने साथी अश्वनी शुक्ला के साथ बाइक से वापस लौट रहे थे. इसी दौरान अठदमा गांव में गुड़िया तालाब के पूरब की तरफ पहले से घात लगाकर बैठे लोगों ने उन्हें घेर लिया. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मौके पर दबंग किस्म के लोग शुभम पाठक, रामेश्वर पाठक, सुंदरम पाठक और अवधेश पाठक सहित दो से तीन अज्ञात लोग मौजूद थे. जैसे ही श्याम नारायण शुक्ल और अश्वनी शुक्ला वहां पहुंचे, आरोपियों ने उन पर हमला बोल दिया.

आरोप है कि अवधेश पाठक ने श्याम नारायण शुक्ल के सिर पर लोहे की रॉड से वार कर दिया. अचानक हुए हमले से दोनों बाइक सवार जमीन पर गिर पड़े. इसके बाद भी हमलावरों का गुस्सा शांत नहीं हुआ. घायल सपा नेता के अनुसार, रामेश्वर पाठक के ललकारने पर शुभम ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया. इस हमले में श्याम नारायण शुक्ल को गंभीर चोटें आईं और अधिक रक्तस्राव होने के कारण वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े.

चीखपुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े

घटनास्थल पर मची चीखपुकार सुनकर आसपास के लोग जब दौड़े तो आरोप है कि हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए. घटना की सूचना मिलने के बाद पीड़ित पक्ष ने नगर थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ लिखित शिकायत दी. पुलिस ने तहरीर के आधार पर चार नामजद और तीन अज्ञात लोगों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 191 , 191 , 190, 109 और 351 के तहत मुकदमा दर्ज किया है.

सपा के सदर सीट से विधायक और सपा जिला अध्यक्ष महेंद्र नाथ यादव सूचना मिलते ही घायल सपा नेता का हाल चाल लेने अस्पताल पहुंचे. विधायक ने आरोप लगाया कि घात लगाकर बैठे अपराधियों ने सपा नेता पर हमला बोला है. ये राजनैतिक हमला है और कायराना हरकत है. उन्होंने मांग की है कि जिन लोगों ने इस घटना को अंजाम दिया है उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई हो. कलवारी सर्किल के डीएसपी बृजेश सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है.

मले ने ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ाई

घटना में शामिल आरोपियों की भूमिका और वारदात के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है. तहरीर के आधार पर घटना में शामिल अपराधियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. अब देखना यह होगा कि पुलिस जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और आरोपियों के खिलाफ आगे क्या कार्रवाई होती है? फिलहाल अठदमा गांव में हुई इस वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी है. दिनदहाड़े नहीं, बल्कि शाम के वक्त रास्ते में घात लगाकर किए गए इस हमले ने ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है.