मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। जोगेंद्रनगर उपमंडल के एहजू क्षेत्र में वीरवार सुबह स्कूल जा रही 11वीं कक्षा की छात्रा की तेज रफ्तार टैंपो की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है, जबकि स्कूल में भी मातम पसरा हुआ है।
मृतक छात्रा की पहचान 17 वर्षीय अनु पुत्री पुन्नू राम निवासी बैजनाथ के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अनु इन दिनों अपने मामा के घर मचकेहड़ में रहकर पढ़ाई कर रही थी। वह रोज की तरह सुबह पैदल स्कूल के लिए निकली थी। अनु एहजू स्कूल में 11वीं कक्षा की छात्रा थी और पढ़ाई में काफी तेज मानी जाती थी।
जानकारी के अनुसार, जब अनु रेलवे क्रॉसिंग के पीछे महेंद्रा एजेंसी के पास पहुंची तो पीछे से तेज गति में आ रहे एक टैंपो ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि छात्रा कई फुट दूर सड़क पर जा गिरी। उस समय आसपास अन्य स्कूली बच्चे भी मौजूद थे, जिन्होंने यह भयावह हादसा अपनी आंखों के सामने देखा।
हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग और राहगीर तुरंत छात्रा की मदद के लिए पहुंचे। बताया जा रहा है कि टैंपो चालक खुद घायल छात्रा को लेकर बैजनाथ अस्पताल पहुंचा, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
बेटी की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। वहीं इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भी भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों का कहना है कि स्कूल क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण नहीं होने के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि स्कूलों के आसपास स्पीड ब्रेकर, चेतावनी बोर्ड और ट्रैफिक नियंत्रण के पुख्ता इंतजाम किए जाएं ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।
उधर, जोगेंद्रनगर थाना प्रभारी सकीनी कपूर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। चालक से पूछताछ की जा रही है और आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।