हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। लंबागांव क्षेत्र में एक महिला को अपनी ही नानी और मामी के घर से करीब 22 लाख रुपये के गहने चोरी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

जानकारी के अनुसार, मामला पुलिस थाना लंबागांव के तहत आने वाले गांव सोल बनेहड़ का है। आरोपी महिला पिछले तीन महीनों के दौरान दो बार अपनी नानी के घर आई थी। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि पहली बार उसने अपनी नानी के गहने चोरी किए, जबकि दूसरी बार मामी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया।

बताया जा रहा है कि महिला बेहद चालाकी से वारदात को अंजाम देती रही और लंबे समय तक किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी। परिवार को तब शक हुआ जब 2 मई को सास और बहू किसी पारिवारिक समारोह में जाने के लिए अलमारी से गहने निकालने पहुंचीं। इस दौरान जेवर अपनी जगह पर नहीं मिले।

परिवार ने पूरे घर में तलाश की, लेकिन लाखों रुपये के गहने गायब पाए गए। करीब 22 लाख रुपये के जेवर चोरी होने की जानकारी मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया।

जब परिवार के लोगों ने बीते दिनों की गतिविधियों को जोड़कर देखा तो शक अपनी ही दोहती पर गया। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।

पुलिस ने तकनीकी जांच और परिवार से मिली जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को हरियाणा से हिरासत में लिया और लंबागांव थाना लाया गया।

पूछताछ के दौरान महिला ने चोरी की वारदात कबूल कर ली। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हरियाणा से एक अन्य व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया है। आशंका जताई जा रही है कि चोरी किए गए गहनों को ठिकाने लगाने में उसकी भूमिका हो सकती है।

पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता भी सामने आ सकती है। फिलहाल चोरी किए गए गहनों की बरामदगी और पूरे नेटवर्क की जांच जारी है।