कांगड़ा जिले के बनेहड़ गांव में हुई लाखों के गहनों की चोरी ने रिश्तों को शर्मसार कर दिया। जिस दोहती पर परिवार सबसे ज्यादा भरोसा करता था, उसी ने अपनी नानी और मामी के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। इतना ही नहीं, चोरी के बाद उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर ऐसा खेल रचा कि मामला हिमाचल से सीधे दिल्ली तक पहुंच गया। पुलिस ने अब महिला, उसके प्रेमी और एक सुनार समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
रिश्तेदारी निभाने के बहाने घर आती रही… अंदर ही अंदर बनाती रही चोरी का प्लान
पुलिस जांच में सामने आया कि 29 वर्षीय महिला पिछले तीन महीनों में दो बार अपनी नानी के घर आई थी। परिवार को लगा कि वह मिलने-जुलने और रिश्तेदारी निभाने आई है, लेकिन असल में उसकी नजर घर में रखे लाखों रुपये के गहनों पर थी।
पहली बार उसने अपनी नानी के जेवर चुराए। फिर दूसरी बार मौका मिलते ही अपनी मामी के गहनों पर भी हाथ साफ कर दिया। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि घरवालों को लंबे समय तक चोरी का जरा भी शक नहीं हुआ।
जब शादी में जाने के लिए खोली अलमारी… उड़ गए परिवार के होश
पूरे मामले का खुलासा उस दिन हुआ जब परिवार की महिलाएं एक समारोह में जाने की तैयारी कर रही थीं। जैसे ही अलमारी खोली गई तो जेवर गायब मिले।
घर के हर कमरे में तलाश शुरू हुई, लेकिन लाखों रुपये के गहनों का कोई सुराग नहीं मिला। करीब 22 लाख के जेवर गायब होने की खबर से परिवार में हड़कंप मच गया और हर किसी के पैरों तले जमीन खिसक गई।
पुलिस ने दबोची दोहती… पूछताछ में प्रेमी का नाम सुन सब रह गए दंग
परिवार की शिकायत के बाद पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू की। जांच के दौरान शक घर की दोहती पर गया। पुलिस ने उसे दूसरे राज्य से हिरासत में लिया और लंबागांव थाना लाकर पूछताछ की।
शुरुआत में महिला पुलिस को गुमराह करती रही, लेकिन सख्ती बढ़ते ही उसने पूरा राज खोल दिया। उसने बताया कि इस चोरी में उसका प्रेमी रमेश कुमार भी शामिल था। इसके बाद पुलिस ने हरियाणा निवासी रमेश कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया।
दिल्ली के सुनार तक पहुंची पुलिस… चोरी के गहनों का ऐसे हुआ सौदा
जांच में खुलासा हुआ कि चोरी किए गए गहनों को अलग-अलग जगहों पर बेचा गया था। कुछ गहने प्रेमी को दिए गए, जबकि कई जेवर दिल्ली के उत्तमनगर इलाके में रहने वाले सुनार मनोज कुमार को बेच दिए गए।
सूचना मिलते ही हिमाचल पुलिस दिल्ली पहुंची और सुनार के ठिकानों पर दबिश दी। वहां से पुलिस को कई अहम सबूत मिले, जिसके बाद सुनार को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
अब पुलिस को शक- कहीं ये पूरा ‘ज्वेलरी नेटवर्क’ तो नहीं?
फिलहाल मुख्य आरोपी महिला न्यायिक हिरासत में है, जबकि उसका प्रेमी पुलिस रिमांड पर चल रहा है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी के गहनों को और कहां-कहां बेचा गया।
DSP बैजनाथ संदीप शर्मा ने बताया कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।