Agra Crime News: यूपी में आगरा के थाना एमएम गेट से एक सप्ताह पहले लापता हुई युवती का शव मंगलवार को इटावा के बढ़पुरा थाना क्षेत्र में यमुना नदी से पुलिस ने बरामद कर लिया. वहीं, मामले में आरोपित फतेहाबाद तहसील में तैनात लेखपाल शिवजीत भदौरिया को पुलिस ने मंगलवार जेल भेज दिया. उसके विरुद्ध अपहरण, आत्महत्या के लिए उकसाने व सबूत मिटाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है.

बाह के रुधमुली गांव निवासी लेखपाल शिवजीत भदौरिया फतेहाबाद तहसील में लेखपाल पद पर तैनात है. बाह क्षेत्र की रहने वाली युवती एमएम गेट स्थित नूरी दरवाजा में रहकर बीटीसी के बाद सुपर नेट की तैयारी कर रही थी. इसी दौरान उसकी मुलाकात लेखपाल शिवजीत भदौरिया से हुई. इसके बाद दोनों में घनिष्ठता बढ़ गई. लेखपाल ने युवती को शादी का आश्वासन दिया था.

लेखपाल ने युवती बना ली थी दूरी

इस वर्ष मई में लेखपाल की दूसरी जगह शादी होने के बाद उनमें विवाद हो गया था. लेखपाल की पत्नी ने उसके मोबाइल में युवती का फोटो देख लिया, जिसे लेकर पत्नी द्वारा विवाद करने पर लेखपाल ने युवती से दूरी बना ली थी. युवती ने आत्महत्या का प्रयास किया, लेकिन परिजनों ने समय रहते इलाज कराके उसे बचा लिया. युवती का 29 सितंबर से परिजनों से संपर्क नहीं हुआ.

युवती के परजनों ने एमएम गेट थाने मे गुमशुदगी दर्ज करा दी. काल डिटेल में लेखपाल शिवजीत भदौरिया का नाम सामने आया था. पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ की, उसने बताया कि युवती उसके कमरे पर आई थी. युवती 30 सितंबर को गले में फंदा कसने के बाद पंखे से लटक गई. वह उसे फंदे से उतारकर अस्पताल लेकर गया. वहां डॉक्टर ने उसको मृत घोषित कर दिया.

आरोपी के खिलाफ इन धाराओं में केस दर्ज

इसके बाद वह शव को कार से बाह से लगे इटावा में लेकर गया. वहां यमुना नदी में फेंक दिया था. आरोपित से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने लेखपाल के विरुद्ध अपहरण, आत्महत्या के लिए उकसाने और सबूत मिटाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था. इधर, पुलिस बाह से लगे इटावा में यमुना नदी में युवती का शव खोजने में जुटी थी.

मंगलवार को युवती का शव बढ़पुरा थाना क्षेत्र के गांव मिहौली मे यमुना नदी किनारे बरामद कर लिया. आशंका है कि आरोपित ने शव को चित्राहाट के कचौरा घाट पुल से फेंका होगा, जो बहकर इटावा की सीमा में चला गया. डीसीपी ने बताया कि आरोपित लेखपाल को जेल भेजा गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आत्महत्या की धारा को हत्या में बदला जाएगा.