आज के डिजिटल युग में ज्यादातर लोग चाय की दुकान से लेकर शॉपिंग तक, हर जगह पेमेंट UPI से ही करते हैं. ऑनलाइन पेमेंट इतना आम हो गया है कि सब्जी खरीदना हो या फिर LIC की किस्त भरनी हो, हम पलक झपकते ही काम पूरा कर लेते हैं.ऑनलाइन पेमेंट ऐप्स आने के बाद लोगों के पैसों से जुड़े काम आसान हुआ हैं और अब बैंक के भी चक्कर कम ही लगाने पड़ते हैं. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि जिन ऐप्स का आप ऑनलाइन पेमेंट के लिए इस्तेमाल करते हैं, वो आपके फोन से कौनकौन सी जानकारी लेते हैं? क्या आपने कभी देखा कि आपके ऑनलाइन पेमेंट ऐप्स आपसे कौनकौन सी परमिशन लिए हुए हैं? अगर नहीं, तो आइए आज जानते हैं, इन्हीं सवालों का जवाब.

बैंक और ट्रांजेक्शन डिटेल्स के अलावा क्या होता है ट्रैक?
सबसे पहले बात करते हैं डिवाइस की जानकारी की. ज्यादातर ऑनलाइन पेमेंट ऐप्स की प्राइवेसी पॉलिसी के अनुसार, कंपनी स्मार्टफोन का मॉडल, डिवाइस आइडेंटिफायर, IP एड्रेस, इंटरनेट बैंडविड्थ और लोकेशन जैसी डिटेल्स जान सकती हैं. वहीं कुछ ऑनलाइन पेमेंट ऐप्स, आपके फोन में ऐप की तकनीकी गड़बड़ियों से जुड़ा डेटा इकट्ठा कर सकता है. इन जानकारियों का इस्तेमाल ऐप की सर्विस को बेहतर बनाने, सुरक्षा और अकाउंट मैनेजमेंट के लिए किया जाता है.
SMS और ऐप यूसेज पर भी रहती है नजर
इन पेमेंट ऐप्स के लिए की जानकारी भी बहुत ही जरूरी होती है. रजिस्ट्रेशन के दौरान मोबाइल नंबर वेरिफिकेशन, OTP ऑटोफिल और सेफ्टी चेक जैसे कामों में मैसेज का इस्तेमाल किया जा सकता है. साथ ही ऐप के अंदर आपकी सर्च हिस्ट्री, इस्तेमाल का तरीका, क्रैश रिपोर्ट और डायग्नोस्टिक डेटा भी जुटाया जा सकता है. ऐप्स परमिशन के साथ SMS संबंधी जानकारी का इस्तेमाल पेमेंट और सुरक्षा से जुड़े कामों के लिए कर सकता है.
लोकेशन और कॉन्टैक्ट्स की जानकारी क्यों चाहिए?
लोकेशन का इस्तेमाल सिर्फ आसपास की दुकानों को दिखाने तक सीमित नहीं हो सकता. पेमेंट ऐप्स इसका इस्तेमाल फ्रॉड रोकने, सुरक्षा और नियमों के पालन के लिए भी किया जाता है. वहीं कैमरा माइक्रोफोन और लोकेशन जैसी परमिशन कुछ खास सर्विस के लिए आपकी सहमति ऐप्स मांग सकते हैं. जैसे वीडियो KYC या किसी सर्विस की ऑनबोर्डिंग.
फ्रॉड पकड़ने के लिए भी जुटाया जाता है डेटा
डिजिटल पेमेंट में सुरक्षा सबसे जरूरी है. इसलिए ऐप्स डिवाइस की पहचान, ट्रांजेक्शन का समय, पैसा, पेमेंट से जुड़ी एक्टिविटी और संदिग्ध व्यवहार जैसी जानकारियों का इस्तेमाल जोखिम पहचानने के लिए कर सकते हैं.
सिक्योरिटी और फ्रॉड डिटेक्शन डेटा
RBIऔर NPCI की गाइडलाइंस के अनुसार, ऐप्स को फ्रॉड रोकने के लिए बड़े और सख्त कदम उठाने होते हैं. इसके लिए वे आपके टाइपिंग बिहेवियर यानी आप कितनी तेजी से पिन या नंबर टाइप करते हैं और डिवाइस के मोशन सेंसर्स तक का डेटा खंगालते हैं जिससे यह पता चल सके कि फोन असली यूजर के हाथ में है या किसी बॉट के जरिए कंट्रोल हो रहा है.
ऐसे चेक करें ऐप की परमिशन
यूजर अपने फोन की Settings में जाकर Apps और फिर उस पेमेंट ऐप्स के App Permissions सेक्शन में देख सकते हैं कि किस ऐप को कैमरा, लोकेशन, कॉन्टैक्ट्स या माइक्रोफोन का एक्सेस मिला है. जो परमिशन किसी सुविधा के लिए जरूरी नहीं लगती, उसे बंद कर सकते हैं. लेकिन ध्यान देने वाली बात यह है कि कुछ फीचर इससे काम करना बंद कर सकते हैं.



