मणिपुर में सुरक्षा बलों को हथियारों और विस्फोटकों की बरामदगी के मामले में बड़ी कामयाबी मिली है. बिष्णुपुर जिले में हथियारों और विस्फोटकों का जखीरा मिलने के अगले दिन चूड़ाचांदपुर में भी भारी संख्या में गोला बारूद बरामद किए हैं. पुलिस और सेना की संयुक्त टीम द्वारा चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान ये हथियारों और विस्फोटकों का जखीरा बरामद किए गए.

बिष्णुपुर के कीफा रोड इलाके में मिले हथियार

बिष्णुपुर जिले में 10 नवंबर को कीफा रोड के आसपास के इलाके में संयुक्त टीम ने मौके से दो देसी पिस्टल मैगजीन के साथ, एक देसी MP5 मैगजीन के साथ, एक देसी मोर्टार और एक SBBL गन बरामद की. इसके अलावा तीन हैंड ग्रेनेड, एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस यानी IED और एक हाई एक्सप्लोसिव यानी HE बम भी बरामद किया गया. मौके से कुछ अन्य सामान भी मिला.

बिष्णुपुर जिले में इस ऑपरेशन में CDO बिष्णुपुर, मोइरांग पुलिस स्टेशन और भारतीय सेना की टीम शामिल थी.फिलहाल बरामद हथियारों और विस्फोटकों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है.

चूड़ाचांदपुर में 10 फुट लंबा रॉकेट, चीनी मोर्टार बरामद

मणिपुर के चूड़ाचांदपुर जिले में 11 नवंबर को सुरक्षा बलों ने 10 फुट लंबा एक रॉकेट, चीन में बने चार मोर्टार और छह आईईडी समेत हथियार और गोला बारूद बरामद किए हैं. पुलिस के मुताबिक,कांगवई उपमंडल के पी जेलजांग गांव के आसपास के जंगली इलाके में जिला पुलिस और सेना की संयुक्त टीम द्वारा बुधवार को चलाए गए संयुक्त अभियान के दौरान ये हथियार बरामद किए गए.

खुफिया जानकारी के आधार पर चलाए गए इस अभियान के दौरान चीन में बने 82 एमएम के चार मोर्टार, करीब 10 फुट लंबा और 80 किलोग्राम वजनी एक रॉकेट, छह आईईडी और चीन में बने पांच हथगोले बरामद किए गए.इसके अलावा, एक CMG, एक पिस्तौल, दो एकनाली राइफल, अलगअलग कैलिबर के 30 मोर्टार बम और 5.6 एमएम के पांच कारतूस भी बरामद किए गए.

2023 से अब तक 306 की मौत, 49 लोग लापता

दरअसल,मई 2023 में घाटी में रहने वाले मेइती और पर्वतीय इलाकों में रहने वाले कुकी समुदायों के बीच भड़के जातीय संघर्ष में अब तक कम से कम 306 लोगों की जान जा चुकी है जबकि 49 लोग लापता हैं और हजारों लोग बेघर हो गए हैं. हाल के महीनों में कुकी एवं नगा समुदायों के बीच भी झड़पों की खबरें सामने आई हैं