न्यूजीलैंड के युवा बल्लेबाज बेवन जैकब्स ने घरेलू क्रिकेट में ऐसी पारी खेली है, जिसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा। फोर्ड ट्रॉफी में ऑकलैंड की ओर से खेलते हुए उन्होंने ओटागो के गेंदबाजों की जमकर खबर ली। बेवन जैकब्स ने महज 137 गेंदों पर नाबाद 202 रन ठोक दिए। उनकी इस पारी में 21 छक्के और 7 चौके शामिल रहे। खास बात यह है कि वह लिस्टए क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के विश्व रिकॉर्ड से महज दो छक्के दूर रह गए।

39 रन पर तीन विकेट गिरने के बाद संभाली पारी
ऑकलैंड और ओटागो के बीच यह मुकाबला 12 नवंबर को ऑकलैंड के ईडन पार्क आउट ओवल में खेला गया। ऑकलैंड की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने सिर्फ 39 रन के स्कोर पर अपने तीन विकेट गंवा दिए थे।
ऐसे मुश्किल समय में चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे बेवन जैकब्स ने जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने पहले संभलकर बल्लेबाजी की और फिर मैदान के चारों तरफ चौकोंछक्कों की बरसात शुरू कर दी। बेवन जैकब्स ने लचलान स्टैकपोल के साथ 100 रनों की अहम साझेदारी भी की। इसके बाद उन्होंने अपनी पारी को और आक्रामक बनाया।
आखिरी ओवर में पांच छक्के लगाकर पूरा किया दोहरा शतक
बेवन जैकब्स ने अपना पहला लिस्टए शतक 97 गेंदों में पूरा किया। इसके बाद उन्होंने बल्लेबाजी की रफ्तार ऐसी बढ़ाई कि अगले 100 रन बनाने में सिर्फ 40 गेंदें लगीं। पारी के आखिरी ओवर में उन्होंने गेंदबाज जैक कमिंग के खिलाफ पांच छक्के जड़ दिए।
इस तरह बेवन जैकब्स 137 गेंदों में 202 रन बनाकर नाबाद लौटे। उनकी इस पारी की बदौलत ऑकलैंड ने 50 ओवर में 8 विकेट खोकर 334 रन बनाए। जैकब्स का यह स्कोर ऑकलैंड एसेस के लिए लिस्टए क्रिकेट का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर भी बन गया।
विश्व रिकॉर्ड से दो छक्के दूर रह गए जैकब्स
बेवन जैकब्स ने अपनी इस पारी में 21 छक्के लगाकर न्यूजीलैंड के किसी बल्लेबाज द्वारा एक लिस्टए पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड बना दिया। हालांकि, विश्व रिकॉर्ड अभी भी ऑस्ट्रेलिया के डार्सी शॉर्ट के नाम है। उन्होंने 2018 में 257 रन की पारी के दौरान 23 छक्के लगाए थे।
बेवन जैकब्स न्यूजीलैंड के लिए लिस्टए क्रिकेट में दोहरा शतक लगाने वाले चौथे बल्लेबाज भी बन गए हैं। उनसे पहले जेमी हाउ , मार्टिन गुप्टिल और चैड बोवेस यह कारनामा कर चुके हैं। हालांकि, जैकब्स की ऐतिहासिक पारी के बावजूद ऑकलैंड मुकाबला नहीं जीत सकी। ओटागो ने 49.1 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया और पांच विकेट से मैच अपने नाम कर लिया।



