Arunachal Pradesh Fire Accident: अरुणाचल प्रदेश के कुरुंग कुमे जिले में देर रात भीषण आग लगने से एक दर्दनाक हादसा हो गया. आग की चपेट में महिला और तीन नाबालिग समेत चार लोग आ गए और जिंदा जलकर उनकी मौत हो गई. पुलिस के अनुसार, जिले के पारसीपारलो टाउनशिप में आग देर रात करीब 2 बजे लगी. शुरुआती आशंका है कि आग एक स्थानीय रसोईघर से शुरू हुई और देखते ही देखते आसपास के घनी आबादी वाले इलाके में फैल गई.

आग की चपेट में आने से 25 घर पूरी तरह जलकर राख हो गए. इसमें चार दुकानें भी शामिल हैं. आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला. जिस महिला और तीन नाबालिगों की आग में जिंदा जलने मौत हुई है, उनकी पहचान अभी आधिकारिक तौर पर नहीं हो पाई है. आग लगने के बाद मकानों की बनावट के कारण राहत एवं बचाव कार्य में भी काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा.

हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा

फिलहाल आग से हुए कुल आर्थिक नुकसान का आकलन किया जा रहा है. इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है. आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच जारी है. इस हादसे ने दूरदराज के इस कस्बे में अग्निशमन सुविधाओं की पोल भी खोल दी है. सूत्रों के मुताबिक, पारसीपारलो में कोई दमकल केंद्र नहीं है. बताया जा रहा है कि करीब 38 किलोमीटर दूर कोलोरियांग में तैनात दमकल वाहन भी कथित तौर पर समय पर घटनास्थल तक नहीं आ सका.

मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने जताया दुख

समय पर दमकल सहायता नहीं मिलने के कारण आग तेजी से फैलती गई. इस हादसे से नुकसान और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है. नुकसान का वास्तविक आकलन राहत और बचाव अभियान पूरा होने के बाद ही हो सकेगा. मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने इस हादसे पर शोक जताया है. उन्होंने कहा कि इस त्रासदी ने स्थानीय समुदाय को गहरा दुख दिया है. उन्होंने संबंधित अधिकारियों से अपील की है कि प्रभावित परिवारों को हर जरूरी मदद दी जाए.