बिहार के मोकामा विधायक अनंत सिंह इन दिनों जिंदगी के एक ऐसे मोड़ पर खड़े हैं, जहां एक तरफ घर में बेटी की शादी की शहनाइयां बजने वाली है, तो दूसरी तरफ दुलारचंद यादव हत्याकांड में जेल जाने की तैयारी है. लेकिन अनंत सिंह के अंदाज में कोई घबराहट नजर नहीं आ रही है. उनका साफ कहना है कि पहले बेटी शिवांगी की शादी धूमधाम से कराएंगे, उसका घर बसा देंगे, अपनी पारिवारिक जिम्मेदारी पूरी करेंगे और फिर आराम से जेल चले जाएंगे.

अनंत सिंह के बयानों ने इस पूरे मामले को और चर्चा में ला दिया है. अनंत सिंह ने न सिर्फ जेल जाने को लेकर अपना रुख साफ किया, बल्कि बेटी की शादी में होने वाले खर्च, दामाद को मिलने वाली लग्जरी कार, घुड़दौड़, मेहमानों के भोज और राजनीतिक नेताओं को निमंत्रण देने तक कई बातें खुलकर बताईं.
‘शादी कर लेंगे, फिर आराम से जेल चले जाएंगे’
दुलारचंद यादव हत्याकांड में सुप्रीम कोर्ट से जमानत रद्द होने के बाद जब अनंत सिंह से जेल जाने को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने अपने खास अंदाज में जवाब दिया. उन्होंने कहा कि पहले बेटी की शादी कर लेंगे, घर खाली कर देंगे और फिर आराम से जेल चले जाएंगे. उनका कहना है कि 25 नवंबर को बेटी शिवांगी की शादी है. इस जिम्मेदारी को पूरा करने के बाद वह अदालत के आदेश का पालन करते हुए आत्मसमर्पण करेंगे. जेल से बाहर आने के बाद बिहार का दौरा करेंगे और फिर आगे की राजनीतिक रणनीति तय करेंगे.
पैतृक गांव लदमा से हो रही है शादी
अनंत सिंह के इस बयान का सीधा मतलब है कि फिलहाल उनकी पहली प्राथमिकता बेटी की शादी और उसकी विदाई है. वह शादी के बाद सरकारी आवास भी खाली करेंगे और फिर जेल जाएंगे. बता दें कि अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर को उनके पैतृक गांव लदमा में होने वाली है. इस विवाह समारोह को भव्य बनाने के लिए बड़े पैमाने पर तैयारियां की जा रही हैं. करीब 10 बीघे जमीन में शादी का आयोजन करने की तैयारी है. तीन बड़े पंडाल, आकर्षक सजावट और मेहमानों के खानपान के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं.
150 तरह के व्यंजन, करोड़ों की कार की चर्चा
शादी में करीब चार लाख लोगों को भोजन कराने की चर्चा है. मेन्यू में लगभग 150 तरह के व्यंजन रखे जाने की बात सामने आई है. जयमाला के लिए करीब 100 फीट लंबा और 30 फीट ऊंचा विशेष मंच तैयार करने की भी जानकारी सामने आई है. शादी की सबसे बड़ी चर्चा महंगी लग्जरी गाड़ियों को लेकर है.
अनंत सिंह अपने होने वाले दामाद ऋषिकेश कुमार को करीब 2.5 से 3 करोड़ रुपये कीमत की लैंड रोवर डिफेंडर उपहार में देने की तैयारी में हैं. वहीं छोटे बेटे अभिनव कुमार के लिए भी करीब एक करोड़ रुपये की BMW कार की चर्चा है.
इतना ही नहीं, शादी में घुड़दौड़ प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी. प्रतियोगिता में विजेता को महिंद्रा थार देने की बात कही गई है. इसके अलावा अन्य विजेताओं के लिए बाइक और स्कूटर जैसे पुरस्कार भी रखे जाने की जानकारी सामने आई है.
‘मेरा एको पैसा खर्च नहीं हो रहा…’
जब अनंत सिंह से पूछा गया कि बेटी की शादी में इतना भारी खर्च कैसे हो रहा है तो उन्होंने बेहद दिलचस्प जवाब दिया. उन्होंने कहा कि उनका ज्यादा खर्च नहीं हो रहा है, क्योंकि उनके बहुत सारे दोस्तयार हैं. अनंत सिंह ने कहा, ‘खर्चा नहीं होता है, बहुत दोस्तयार हैं. कोई थार भेज देता है, कोई शामियाना करवा देता है, कोई कुछ कर देता है.’ डिफेंडर और शादी की दूसरी व्यवस्थाओं को लेकर भी उन्होंने दोस्तों के सहयोग का जिक्र किया.
मनोरंजन के भी विशेष इंतजाम भी हैं
उनके इस बयान के बाद शादी में होने वाले खर्च और दोस्तों की ओर से दिए जा रहे उपहारों की चर्चा और तेज हो गई है. अनंत सिंह ने शादी को लेकर बताया है कि समारोह में केवल शादी की रस्में ही नहीं होंगी, बल्कि मनोरंजन के भी विशेष इंतजाम किए गए हैं. घुड़दौड़ प्रतियोगिता के साथ कव्वाली और संगीत कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी है. कार्यक्रम में भोजपुरी और हिंदी फिल्म जगत के कई कलाकारों को बुलाने की बात सामने आई है.
गायक उदित नारायण, पवन सिंह, खेसारी लाल यादव और अक्षरा सिंह सहित कई कलाकारों के नाम चर्चा में हैं. हालांकि, सभी कलाकारों की उपस्थिति की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
नीतीश से लालू और तेजस्वी तक को न्योता
अनंत सिंह की बेटी की शादी का निमंत्रण बिहार के राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा का विषय बना हुआ है. उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव समेत कई नेताओं को निमंत्रण देने की बात कही है. अनंत सिंह का कहना है कि पक्ष और विपक्ष का भेद चुनाव के समय होता है, शादीब्याह में नहीं.
उन्होंने यह भी कहा कि वह जेडीयू नेता नीरज कुमार को छोड़कर बाकी नेताओं को शादी में आमंत्रित करेंगे. उनके इस बयान को जेडीयू से निष्कासन के बाद पार्टी के साथ उनके राजनीतिक रिश्तों के संदर्भ में भी देखा जा रहा है.
4 दिसंबर तक सरेंडर करना होगा
बेटी की शादी की तैयारियों के बीच अनंत सिंह के सामने कानूनी चुनौती भी बनी हुई है. दुलारचंद यादव हत्याकांड में सुप्रीम कोर्ट ने उनकी जमानत रद्द करते हुए आत्मसमर्पण का आदेश दिया है. बेटी की शादी में शामिल होने के लिए समय देने के बाद लिखित आदेश में सरेंडर की अंतिम तारीख 4 दिसंबर 2026 तय की गई है. इसके अलावा उन्हें पटना स्थित सरकारी आवास भी 25 नवंबर तक खाली करना है. यानी जिस दिन बेटी की शादी होगी, उसी दिन उनके सरकारी आवास खाली करने की समयसीमा भी पूरी होगी.
जेल से निकलने के बाद पूरे बिहार का करेंगे दौरा
अनंत सिंह ने जेल जाने के बाद की अपनी योजना को लेकर भी बयान दिया है. उनका कहना है कि जब जेल से बाहर आएंगे तो पूरे बिहार का दौरा करेंगे. इसके बाद ही तय करेंगे कि आगे क्या करना है. जेडीयू से निकाले जाने को लेकर भी उन्होंने कहा कि उन्हें इसका कोई गम नहीं है. उन्होंने पार्टी के लिए काम किया और मुश्किल समय में साथ दिया, लेकिन आखिरकार उन्हें बाहर कर दिया गया.



