कभी ट्रेन का सफर हो या घर में मेहमानों का आना, पानी की बोतल खरीदते समय लोगों के दिमाग में सबसे पहले कुछ नामी और गिनेचुने ब्रांड के नाम आते हैं. इनमें Bisleri भी शामिल है. सालों से लोगों के बीच भरोसे का नाम बने इस ब्रांड को लेकर अब सवाल उठने लगे हैं. भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण यानी FSSAI ने Bisleri इंटरनेशनल के पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर के एक सैंपल को अनसेफ बताते हुए कंपनी के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दी है. मामला सामने आने के बाद यह जानना भी जरूरी हो गया है कि आखिर बोतलबंद पानी फैक्ट्री में तैयार कैसे होता है और इतनी जांच के बाद भी गड़बड़ी की गुंजाइश कहां रह जाती है?

क्या है Bisleri के पानी को लेकर विवाद?
FSSAI के मुताबिक, Bisleri के कैंपस से लिए गए पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर के एक सैंपल में ब्रोमेट की मात्रा तय सीमा के मुताबिक नहीं मिली. इसे खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत अनसेफ घोषित किया गया. कंपनी ने इस नतीजे के खिलाफ अपील की.
दो बार टेस्ट में फेल
Bisleri के नमूने की जांच दो स्टेप्स में हुई. पहली प्रयोगशाला जांच में नमूना ब्रोमेट की तय सीमा पर खरा नहीं उतरा. कंपनी ने इस नतीजे के खिलाफ अपील की. इसके बाद रेफरल फूड लैब में फिर से जांच की. इस जांच में भी नमूने को असुरक्षित बताया गया और उसमें PAHs पाए गए. जो सेहत के लिए बहुत खतरनाक होते हैं. इसके बाद FSSAI ने कंपनी के खिलाफ मुकदमा चालने की मंजूरी दे दी.
Bisleri ने क्या कहा?
इस मामले को लेकर Bisleri ने अपनी सफाई में बताया कि मामला सितंबर 2025 में गोवा स्थित प्लांट में तैयार एक बैच से जुड़ा है. Bisleri के अनुसार 30 सितंबर को लिए गए 6 सैंपल में पांच निर्धारित मानकों पर खरे उतरे थे, वहीं एक में ब्रोमेट 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर मिला था. तय सीमा 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर है. कंपनी का दावा है कि बाद में स्वतंत्र लैब से कराई गई जांच में ब्रोमेट तय सीमा के अंदर मिला. उसने रेफरल लैब के नतीजों पर भी सवाल उठाए हैं और कहा है कि वह नियामक के साथ सहयोग करेगी.
यहां ध्यान देने वाली बात है कि मुकदमा की मंजूरी का मतलब अदालत में दोष साबित होना नहीं है. साथ ही एक ही सैंपल की रिपोर्ट से कंपनी के हर प्लांट और हर बोतल को अनसेफ बताना सही नहीं होगा.
फैक्ट्री में आखिर कैसे तैयार होता है बोतलबंद पानी?
हम जो बोतलबंद पानी खरीदते हैं, आखिर कंपनियों में वह कैसे तैयार होता है, चेकिंग प्रोसेस क्या होता है, आइए इन सभी सवालों को जानते हैं.
पानी की प्रक्रिया सिर्फ पानी को फिल्टर करके बोतल में भर देने तक सीमित नहीं होता है. इसके पीछे कई स्टेप्स होते हैं. लेकिन हर कंपनी का तरीका एक जैसा नहीं होता है. भारतीय मानक ब्यूरो यानी BIS के IS 14543:2024 मानक के अनुसार, पानी के स्रोत और उसकी गुणवत्ता के आधार पर जरूरी ट्रीटमेंट किया जाता है.
सबसे पहले पानी को किसी निर्धारित स्रोत से लिया जाता है. यह भूजल या नगर निगम की सप्लाई भी हो सकती है. फैक्ट्री में पहुंचने से पहले और प्रोसेसिंग के दौरान इसकी क्लालिटी चेक की जाती है. इसके बाद पानी को फिल्ट्रेशन के अलगअलग स्टेप्स से गुजारा जाता है.
कई प्लांट में सैंड फिल्टर का इस्तेमाल किया जाता है, जो पानी से मिट्टी, रेत और दूसरे बड़े कण को निकालता है. इसके बाद एक्टिवेटेड कार्बन फिल्टर पानी के रंग, स्मेल और कुछ गंदगी जैसे पदार्थों को हटाने में सहायता करता है. जरूरत के अनुसार पानी को रिवर्स ऑस्मोसिस यानी RO से भी गुजारा जाता है. इसमें घुले हुई दूसरी अशुद्धियां कम की जाती हैं.
RO के बाद पानी में जरूरी मिनरल्स का बनाए रखने के लिए रीमिनरलाइजेशन किया जा सकता है. इसके बाद माइक्रोफिल्ट्रेशन और निर्धारित कीटाणु कंट्रोल प्रोसेस को अपनाया जाता है. Bisleri अपनी वेबसाइट पर ओजोनेशन, सैंड फिल्ट्रेशन, कार्बन फिल्ट्रेशन, RO और मिनरलाइजेशन समेत 10 चरणों की जानकारी देती है. कंपनी 90 क्वालिटी टेस्ट का भी दावा करती है.
जांच में क्याक्या चेक किया जाता है?
सिर्फ पानी की पारदर्शिता को देखकर उसके साफ होने को नहीं माना जा सकता है. इसके लिए लैब में अलगअलग जांच होती हैं. BIS मानक के तहत पानी का रंग, गंध, स्वाद, pH, घुले पदार्थ, रासायनिक तत्व और माइक्रोबायोलॉजिकल क्लालिटी चेक करना जरूरी है. तय मानकों के अनुसार टॉक्सिक पदार्थों और कीटनाशक अवशेषों की भी जांच होती है. यही कारण है कि सिर्फ फिल्टर लगाना पर्याप्त नहीं होता. कच्चे पानी की गुणवत्ता से लेकर तैयार प्रोडक्ट तक हर स्तर पर तय मानकों का पालन करना जरूरी है.
फैक्ट्री से आप तक कैसे पहुंचता है पानी?
अब आपके मन में यह सवाल जरूर आ रहा होगा कि पानी दूर किसी शहर में होने के बाद आप तक कैसे पहुंच जाता है. इसका प्रोसेस लंबा है. पहले लैब जांच और पैकेजिंग के बाद बोतलों को सील किया जाता है. इसके लिए प्लांट में फूडग्रेड पैकेजिंग का प्रयोग किया जाता है. कई आधुनिक फैक्ट्रियों में PET प्रीफॉर्म को मशीन से बोतल का आकार दिया जाता है. फिर पानी भरने, ढक्कन लगाने, लेबलिंग और बैच कोडिंग जैसे काम को पूरा किए जाते हैं.
तैयार बोतलों को कार्टन या दूसरे पैकेजिंग में रखकर आसपास के वेयरहाउस तक भेजा जाता है. वेयरहाउस से डिस्ट्रीब्यूटर, ट्रांसपोर्ट नेटवर्क और रिटेल दुकानों के जरिए ये कस्टमर्स तक पहुंचती हैं. कुछ कंपनियां अपने ऐप और डिलीवरी नेटवर्क से सीधे घर तक भी पानी पहुंचाती हैं.



