आजकल बैंकिंग से लेकर ऑनलाइन शॉपिंग और सरकारी योजनाओं का फायदा उठाने तक, ज्यादातर काम इंटरनेट पर होने लगे हैं. लेकिन जितनी तेजी से ऑनलाइन सुविधाएं बढ़ रही हैं, उतनी ही तेजी से साइबर ठग भी लोगों को धोखा देने के नए तरीके अपना रहे हैं. अब ठग बड़ी कंपनियों, बैंकों और सरकारी वेबसाइटों की हूबहू नकल करके फर्जी वेबसाइट बना रहे हैं. ये वेबसाइट दिखने में इतनी असली लगती हैं कि कई बार समझदार लोग भी धोखा खा जाते हैं.

अगर आपने गलती से ऐसी वेबसाइट पर अपना पासवर्ड, कार्ड डिटेल या OTP डाल दिया, तो आपकी मेहनत की कमाई खतरे में पड़ सकती है. ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर असली और नकली वेबसाइट की पहचान कैसे करें? चलिए आपको दो आसान तरीके बताते हैं.
वेबसाइट के URL में HTTPS जरूर चेक करें
जब भी आप कोई वेबसाइट खोलते हैं, तो ब्राउजर के ऊपर उसका एड्रेस यानी URL दिखाई देता है. सबसे पहले देखें कि वेबसाइट का लिंक HTTPS से शुरू हो रहा है या नहीं.
में ‘S’ का मतलब Secure होता है. इसका मतलब है कि आपके डिवाइस और वेबसाइट के बीच भेजी जाने वाली जानकारी एन्क्रिप्टेड रहती है, जिससे किसी दूसरे व्यक्ति के लिए उसे बीच में पढ़ना मुश्किल हो जाता है. अगर वेबसाइट पर सिर्फ HTTP लिखा है या ब्राउजर में ‘Not Secure’ की चेतावनी दिखाई देती है, तो वहां अपनी बैंकिंग डिटेल, पासवर्ड या दूसरी निजी जानकारी न डालें. कई ब्राउजर एड्रेस बार में लॉक या सेटिंग्स का आइकन भी दिखाते हैं, जहां वेबसाइट के कनेक्शन और सर्टिफिकेट की जानकारी देखी जा सकती है. लेकिन ध्यान रखें, सिर्फ HTTPS होने का मतलब यह नहीं है कि वेबसाइट असली है. साइबर ठग भी HTTPS वाली फर्जी वेबसाइट बना सकते हैं.
वेबसाइट के नाम की स्पेलिंग ध्यान से देखें
लोगों को धोखा देने के लिए एक खास तरीका अपनाते हैं, जिसे टाइपोस्क्वाटिंग कहा जाता है. इसमें किसी मशहूर वेबसाइट के नाम की स्पेलिंग में बहुत छोटा बदलाव कर दिया जाता है. उदाहरण के लिए, असली वेबसाइट amazon.in है, लेकिन ठग arnazon.in या amaz0n.in जैसा लिंक बना सकते हैं.
पहले उदाहरण में अंग्रेजी के m की जगह rn लिखा गया है, जबकि दूसरे में o की जगह जीरो इस्तेमाल हुआ है. जल्दबाजी में लोग इस अंतर को पकड़ नहीं पाते.वेबसाइट के आखिरी हिस्से यानी डोमेन एक्सटेंशन पर भी ध्यान दें. भारत में सरकारी वेबसाइटों पर आमतौर पर gov.in या nic.in इस्तेमाल होता है. वहीं, बैंकों के लिए bank.in या दूसरे आधिकारिक डोमेन हो सकते हैं.
अगर कोई लिंक बैंक या सरकारी योजना के नाम पर com, xyz या online जैसे एक्सटेंशन के साथ दिखे, तो उसकी आधिकारिक पहचान जरूर चेक करें. हालांकि, सिर्फ एक्सटेंशन देखकर किसी वेबसाइट को फर्जी नहीं कहा जा सकता.
WhatsApp और SMS पर आए अनजान लिंक से रहें सावधान
कई बार मोबाइल पर बैंक अकाउंट बंद होने, KYC अपडेट करने, रिफंड मिलने या सरकारी योजना का फायदा उठाने के नाम पर मैसेज आते हैं. इनमें दिए गए अनजान या छोटे लिंक पर बिना जांच किए क्लिक न करें. ये आपको फर्जी वेबसाइट पर पहुंचा सकते हैं, जहां आपकी निजी जानकारी चोरी हो सकती है.
Google पर दिखने वाले पहले लिंक पर भी न करें भरोसा
अगर आपको बैंक या सरकारी वेबसाइट खोलनी है, तो बेहतर होगा कि ब्राउजर में उसका आधिकारिक पता खुद टाइप करें या पहले से सेव किया हुआ सही लिंक खोलें. कई बार Google सर्च में सबसे ऊपर स्पॉन्सर्ड विज्ञापन दिखाई देते हैं. इनमें फर्जी वेबसाइट का लिंक भी हो सकता है. इसलिए सिर्फ ऊपर दिखाई देने के कारण किसी वेबसाइट पर भरोसा न करें.



