Bihar News: दो मासूम बच्चों को लेकर घर से निकली मां ने रास्ते में ऐसा कदम उठाया कि हर कोई हैरान रह गया. आरोप है कि महिला अपने दोनों बच्चों को ऑटो में छोड़कर कथित प्रेमी के साथ चली गई. इतना ही नहीं, पति ने उस पर घर से करीब 22 लाख रुपये के जेवरात लेकर जाने का भी आरोप लगाया है. उधर, मां के अचानक गायब होने से दोनों बच्चे अनजान लोगों के बीच अकेले रह गए.

ऑटो चालक और स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस पहुंची और बच्चों को अपने संरक्षण में लिया. बाद में जब पिता थाने पहुंचे और अपने दोनों बच्चों को सुरक्षित देखा तो वह भावुक हो गए. जानकारी के अनुसार, महिला छपरा जंक्शन पर ट्रेन से उतरने के बाद अपने बेटाबेटी के साथ ऑटो में सवार हुई थी. वह ऑटो से सारण जिले के मांझी थाना क्षेत्र के बलिया मोड़ पहुंची.
काफी समय तक महिला नहीं लौटी तो हुआ शक
वहां उसने ऑटो चालक से बच्चों को देखने के लिए कहा. इसके बाद महिला वहां से चली गई. शुरुआत में लोगों को लगा कि महिला किसी काम से गई होगी और लौट आएगी, लेकिन जब काफी समय तक उसका कोई पता नहीं चला तो ऑटो चालक और स्थानीय लोगों को संदेह हुआ. दोनों छोटे बच्चों को इस तरह अकेला छोड़ दिए जाने से आसपास के लोग भी हैरान रह गए. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.
छह साल पहले हुई थी शादी, दो बच्चे हैं
वहीं पुलिस ने पूछताछ के बाद बच्चे के पिता को खोज निकाला. अमित सिंह उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के बैरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत पांडेयपुर के रहने वाले हैं. उनके मुताबिक, उनकी शादी करीब छह वर्ष पहले बिहार के सिवान जिले के रघुनाथपुर प्रखंड के नवादा गांव की रहने वाली युवती से हुई थी. शादी के बाद दोनों के दो बच्चे हुए. अमित सिंह को जब पत्नी और बच्चों के लापता होने की जानकारी मिली तो वह परेशान हो गए. बाद में उन्हें पता चला कि दोनों बच्चे मांझी के बलिया मोड़ पर मिले हैं. इसके बाद वह मांझी थाना पहुंचे.
पिता थाने में अपने बच्चों के भावुक हो गए
मांझी थाना पुलिस को सूचना मिलने के बाद टीम बलिया मोड़ पहुंची और दोनों बच्चों को अपने संरक्षण में लिया. पूछताछ में बच्चों ने अपना घर उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के पांडेयपुर में बताया. इसके बाद उनके परिजनों की पहचान करने और उनसे संपर्क करने की कोशिश की गई. जब पिता अमित सिंह थाने पहुंचे और अपने बच्चों को सुरक्षित देखा तो वह भावुक हो गए. वहीं पति ने 22 लाख के जेवर लेकर प्रेमी संग भागने का खुलासा किया.
फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है. महिला कहां गई, क्या वह वास्तव में किसी प्रेमी के साथ गई है? बच्चों को ऑटो में छोड़ने के पीछे क्या वजह थी? जेवरात को लेकर पति के आरोपों में कितनी सच्चाई है, इन सभी बिंदुओं की पुष्टि होना बाकी है.



