हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में शनिवार को एक भीषण सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। चंडीगढ़-शिमला राष्ट्रीय राजमार्ग-5 पर कंडाघाट के समीप डीवेंचर होटल के नीचे बाइक और टैंकर के बीच इतनी जोरदार टक्कर हुई कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों की चीखें निकल गईं और कुछ ही मिनटों में हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
शिमला की तरफ जा रहे थे दोनों युवक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक पर दो युवक सवार थे और शिमला की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे कंडाघाट के पास डीवेंचर होटल के नीचे पहुंचे, तभी सामने से आ रहे टैंकर के साथ उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। हादसा इतना अचानक हुआ कि आसपास मौजूद लोग भी कुछ पल के लिए सहम गए।
एक दोस्त ने मौके पर तोड़ा दम, दूसरा अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहा
स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस थाना कंडाघाट की टीम घटनास्थल पर पहुंची और घायल युवक को तुरंत अस्पताल भिजवाया गया।
डॉक्टरों के अनुसार घायल युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं दूसरे युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
जवान बेटे की मौत से टूट गया परिवार
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक युवक दाड़लाघाट क्षेत्र का रहने वाला था, जबकि घायल युवक नेरवा का निवासी बताया जा रहा है।
हादसे की खबर जैसे ही परिवारों तक पहुंची, घरों में मातम छा गया। जवान बेटे की मौत की खबर सुनकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है।
पुलिस जांच में जुटी, टैंकर चालक से पूछताछ
घटना के बाद पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। टैंकर चालक से भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा तेज रफ्तार, लापरवाही या सड़क की किसी अन्य परिस्थिति की वजह से हुआ। DSP हेडक्वार्टर सोलन अशोक चौहान ने हादसे की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले की गहन जांच जारी है।